महासमुन्द
घोषणापत्र समिति के बनाए गए सदस्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 19 अगस्त। जैसे-जैसे विस चुनाव नजदीक आ रहा है, सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। जहां एक ओर भाजपा ने छत्तीसगढ़ की 21 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, वहीं कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र निर्माण समिति के सदस्यों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की इस सूची में महासमुंद जिले कि खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक व शासन के संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें घोषणा पत्र समिति निर्माण समिति का सदस्य बनाया गया है। जिसके चलते खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है और कार्यकर्ता द्वारिकाधीश यादव को लगातार बधाई दे रहे हैं।
वहीं पत्रकारों से चर्चा के दौरान संसदीय सचिव श्री यादव ने बताया कि हमारे मुखिया छत्तीसगढिय़ा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसका लाभ आज जनता को प्राप्त हो रहा है।
श्री यादव ने बताया कि चुनावी घोषणा तो हर पार्टी करती है, लेकिन उसे पूरा वही पार्टी कर पाती है, जिसके इरादों में दम होता है और जनता जिसके ऊपर विश्वास करती है। 2018 के विधानसभा चुनाव में जनता ने हमारे नेता भूपेश बघेल पर विश्वास जताया था और हमारी पार्टी ने भी जो वादा जनता जनार्दन से किया था, वह निभाया है।
श्री यादव ने बताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए हमारी पार्टी के द्वारा जो जन घोषणा पत्र निर्मित किया जा रहा है, उसकी समिति में मुझे सदस्य का दायित्व जो सौंपा गया है, उसके लिए मैं आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का आभार व्यक्त करता हैं तथा उनके द्वारा दी गई जिम्मेदारी का मैं तत्परता के साथ निर्वाह करूंगा और फिर से छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढिय़ा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार का निर्माण जनता जनार्दन के आशीर्वाद से होगा, यह आप तय मानिए। और जनता को विश्वास दिलाता हूं कि हमारे घोषणापत्र घोषणापत्र नहीं हमारी पार्टी का शपथ पत्र होगा, जिसे हम अक्षरश: सब पूरा करेंगे।