महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अगस्त। सीएम भूपेश बघेल 20 अगस्त को महासमुंद दौरे पर रहेंगे। इस बीच महासमुंद भाजपा मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की तैयारी में है।
शुक्रवार को भाजपा के आंदोलन समिति के संयोजक विमल चोपड़ा और समिति के सदस्य मोती साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीएम भूपेश को काले झंडे दिखाकर शराबबंदी का वादा याद दिलाएंगे।
उनका कहना है कि अगर शराबबंदी नहीं कर सकते तो सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए। दो साल पहले बेमचा में शराब के कारण पारिवारिक कलह से परेशान होकर मां समेत चार बच्चियों ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी थी। सबसे छोटी बच्ची की उम्र महज चार साल थी। कांग्रेस ने इससे सबक नहीं ली।
भाजपा नेताओं ने कहा कि 20 अगस्त को सबसे पहले वहां जाएंगे सभी मृतका बेमचा स्थित अपने घर में निवास करते थे। उसके बाद भाजपाईयों का दल घटनास्थल पहुंचेगा जहां सभी ने रेल की पटरी में सोकर एक साथ जान दे दी थी। इसके बाद वहीं से काले झंडे के साथ सैकड़ों भाजपाई मुख्यमंत्री से मिलने रवाना होंगे और उनसे मुलाकात कर काले झंडे दिखा उन्हें शराबबंदी का वादा याद दिलाएंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने गंगाजल लेकर शराबबंदी की कसम खाई थी। लेकिन सरकार में आते ही उनका विचार बदल गया। सरकार शराबबंदी की बजाए नई प्रीमियम दुकान खोल रही है और घर पहुंच सेवा भी दे रही है। महासमुंद विधानसभा में 3 गुट लगातार अवैध शराब बिक्री में जुटे हुए हैं। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश्वर राजू सिन्हा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू पटेल, सतपाल सिंह पाली, श्याम साकरकर, मोहन साहू उपस्थित थे।