महासमुन्द
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन 30 फीसदी कमी को स्वीकार करता है
यह भी कहता है कि फैकल्टी की कमी उससे भी कहीं ज्यादा है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अगस्त। महासमुंद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें बढ़ा दी गई हैं लेकिन नए सेटअप स्वीकृत नहीं होने के कारण डॉक्टरों की भर्ती नहीं हो पा रही है। बीते 16 नवंबर 2020 को अपर सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग से जारी दिशा निर्देश के अनुसार 280 पदों पर भर्ती की जानी थी। जो अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन 30 प्रतिशत कमी को स्वीकार करता है लेकिन यह भी कहता है कि फैकल्टी की कमी उससे भी कहीं ज्यादा है।
मालूम हो कि मेडिकल कॉलेज महासमुंद के पहले बैच में 125 सीटों के पढ़ाई के लिए मान्यता सत्र 2022-23 में ही मिली थी। पहले बैच में यहां वर्तमान में 122 छात्र अध्ययनरत हैं। वहीं 100 सीटों के नए बैच के लिए एडमिशन की प्रक्रिया जारी है।
कहा जा रहा है कि ऐसे में बढ़ते छात्रों के लिहाज से फैकल्टी की कमी आने वाले दिनों में मेडिकल कॉलेज की मान्यता पर खतरा मंडरा सकता है। बावजूद फैकल्टी की कमी के बीच मेडिकल कॉलेज प्रबंधन छात्रों की पढ़ाई को पूरा करा कराने जद्दोजहद जारी है।
विभागीय जानकारी अनुसार मेडिकल कॉलेज में पुराने बैच के लिए भी फैकल्टी की कमी थी और अब नए बैच के प्रारंभ होने के बाद भी दिक्कतें हैं। ऐसे में पुराने सेटअप से संचालित मेडिकल कॉलेज में समस्या सामने आना स्वाभाविक है। विभागीय सूत्रों की मानें तो यह कमी केवल महासमुंद में नहीं है, बल्कि सभी मेडिकल कॉलेजों में व्याप्त है।
महासमुंद मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष के लिहाज से वर्तमान में एनाटॅामी के प्रोफेसर की कमी है। फिजियोलॉजी में दो असिस्टेंट प्रोफेसर की जरूरत है। बायो केमेस्ट्री में भी प्रोफेसर की कमी है। वहीं द्वितीय वर्ष के हिसाब से फॉरेंसिक मेडिसिन में एक प्रोफेसर, एक एसोसिएट प्रोफेसर,एक असिस्टेंट प्रोफेसर की कमी है। मेडिकल अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक एनाटॅामी में चार डिस्पोजल अटेंडर, 4 लैब टेक्नीशियन की जरूरत है। इसके अलावा क्लरिकल स्टाफ की कमी है। जिसे आउटसोर्सिंग से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ऐसे कई महत्वपूर्ण पद हैं जो खाली हैं। पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन दायरे में बंधे होने के कारण स्पष्ट और खुले तौर पर जाहिर नहीं कर पा रहा है।
एनएमसी के नोडल ऑफिसर डॉ. एआर वर्मा ने बताया कि रिक्तों की जानकारी शासन स्तर पर भेजी जा चुकी है। उम्मीद है कि जल्द भर्तियां होंगी। उन्हेंने कहा कि वर्तमान में 30 प्रतिशत फैकल्टी की कमी है। पर इसका असर छात्रों की पढ़ाई पर नहीं हो रहा है। सब कुछ व्यवस्थित है। वर्तमान में डॉक्टर सरकार के संविदा भर्ती के प्रति रुचि नहीं दिखा रहे हैं। डॉक्टर्स को लगता है कि संविदा भर्ती से उनका करियर अधर में लटका है। ऐसे में सरकार को नियमित भर्ती करनी चाहिए। कुछ डॉक्टरों का कहना है कि पदोन्नति होनी चाहिए।