महासमुन्द

वनरक्षक पर हमला, सिर में 14 टांके लगे, पांच युवक हिरासत में, बाकी फरार
18-Aug-2023 3:33 PM
वनरक्षक पर हमला, सिर में 14 टांके लगे,  पांच युवक हिरासत में, बाकी फरार

महासमुंद,18 अगस्त। बलौदाबाजार वन मंडल के कोठारी परिक्षेत्र के तुरतुरिया में पर्यटकों ने वनरक्षक के सिर पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। जिससे वनरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। उक्त मामला कोठारी रेंज के बफ रा बीट का बताया गया है। समाचार लिखते तक वन रक्षक विकास बुड़ेक का इलाज अस्पताल कसडोल में जारी है। पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

जानकारी मिली है कि बलौदाबाजार से बुधवार को तुरतुरिया पहुंचे पर्यटकों ने वनरक्षक विकास बुडेक से मारपीट की है। 
वन कर्मी के जिला अध्यक्ष नंद कुमार बघेल ने पत्रकारों को बताया है कि तुरतुरिया में वन पर्याप्त विभाग का काम चल रहा है। गुरुवार को कुछ युवक ठेकेदार के आदमी हैं कह कर पहुंचे और माचिस मांगने लगे। जिसमें ठेकेदार के कर्मचारी ने माचिस नहीं होने की बात कही। तब युवकों ने ठेकेदार के कर्मचारी को तमाचा जड़ दिया और गाली गलौच करने लगे। शोर गुल सुनकर ड्यूटी कर रहे विकास बुडेक घटना स्थल की ओर गए और समझाने लगे। तभी शराब के नशे में चूर युवक ने बीयर की बोतल से विकास के सिर में वार कर दिया। 

इससे वनकर्मी बेहोश हो गया। सूचना पाकर ठाकुरदीया सहायक परिक्षेत्र अधिकारी जय किशन यादव ने तत्काल घायल वन कर्मी विकास को कसडोल सामुदायिक अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने उपचार कर चोट गंभीर होने की बात कही तथा बताया कि सिर में 14 टांके लगाये गए हैं। अभी भी हालत स्थिर बनी हुई है। वन विभाग की रिपोर्ट पर कसडोल पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है। 

तुरतुरिया पहुंचे मारपीट करने वाले युवकों के साथी आधा दर्जन लोगों को थाना में बैठाकर पूछताछ की गई। मारपीट करने वाले कुछ युवक फरार बताये जा रहे हंै। वन विभाग की रिपोर्ट पर कसडोल पुलिस ने भादवि की धारा 353, 332, 147, 148, 149, 294,506, 323 के तहत दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। 

बहरहाल वन रक्षक से मारपीट करने वाले 5 आरोपियों को जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में विजय टंडन वार्ड 11 दसरमा, हरिशचंद बांधे ग्राम झोंका, समारू बांधे ग्राम झोंका, सरदार महबूब हक एवं संतोष साकिन बलौदा बाजार,कुमार खैरवार भैंसापसरा शामिल हैं।  
 


अन्य पोस्ट