महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अगस्त। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि घोषणापत्र कांग्रेस का नहीं बल्कि बीजेपी का झूठा है।
श्रीमती महिलांग ने जारी बयान में कहा कि 15 साल सत्ता में रही बीजेपी ने घोषणापत्र को संकल्प पत्र बताया था, पर स्वंय अपने घोषणाओं को पूरा नहीं कर पाई। 2004 में कर्मचारियों का पेंशन बीजेपी ने बंद किया। युवाओं को कुछ माह बेरोजगारी भत्ता देने के बाद बंद कर दिया। किसानों को बोनस देने की घोषणा की पर अमल नहीं की और कांग्रेस के घोषणापत्र को झूठा बताते हैं। कांग्रेस ने जो घोषणाएं चुनाव के पूर्व की थी उसे सरकार में आते ही पूरा करना शुरू किया। किसानों की कर्ज माफी, धान का बोनस भुगतान, कर्मचारियों की पुरानी पेंशन की बहाली, बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता समेत जनता से किए सभी 36 घोषणाओं को भूपेश बघेल ने पूरा कर अपना वादा निभाया और जनता के प्रति विश्वास हासिल किया।
श्रीमती महिलांग ने कहा श्री कौशिक बयानबाजी करने की बजाए पहले अपने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और पार्टी से पूछे कि सरकार रहते हुए उनकी पार्टी ने जनता से कितनी वादाखिलाफी की है। इस तरह की बयानबाजी करके जो बीजेपी के नेता सत्ता में आने की योजना बना रहे हैं वो फिलहाल तो पूरी नहीं हो पाएगी। सौ फीसदी इस बार भी छग में कांग्रेस की भूपेश बघेल की ही सरकार बनेगी यह तय है।