महासमुन्द
कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडऩे वालों को प्रारूप का इंतजार
महासमुंद,18 अगस्त। महासमुंद जिले के चार विधानसभा में सरायपाली, खल्लारी और बसना और महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडऩे वालों को आवेदन जमा होने का इंतजार है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 17 अगस्त से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन कल देर शाम तक प्रदेश कार्यालय से प्रारूप ही नहीं मिला। इसके चलते एक भी आवेदन जमा नहीं हो सके। 22 अगस्त आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख है।
विधानसभा चुनाव लडऩे के इच्छुक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में अपना आवेदन जमा करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि रायपुर से प्रारूप मंगाया गया है। जल्द ही प्रारूप वितरण शुरू होगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष खिलावन बघेल ने कहा कि निजी कार्यक्रम में होने के चलते उन्हें आवेदन के संबंध में जानकारी नहीं है। बीते 15 अगस्त को छत्तीसगढ़ कांग्रेस चुनाव समिति की पहली बैठक हुई थी, जिसमें दावेदारों के आवेदन की प्रक्रिया को लेकर यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है।
कांगे्रस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा है कि किसी भी प्रत्याशी के आवेदन पार्टी के बड़े नेता या फिर चुनाव समिति के सदस्यों से स्वीकार नहीं किए जाएंगे, बल्कि उम्मीदवारों को 17 से 22 अगस्त तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में ही टिकट के लिए आवेदन करना होगा।