महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अगस्त। जिले के एसपी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिसिंग में कसावट लाने तीन निरीक्षक व पांच उप निरीक्षकों का स्थानांतरण किया है। इस सूची में महीने भर पहले कोतवाली की जिम्मेदारी संभालने वाले नितेश सिंह ठाकुर का नाम भी शामिल है। इनकी शिकायत कांग्रेस नेताओं ने गृहमंत्री से की थी। उन्हें तुमगांव भेज दिया गया है।
जारी सूची के अनुसार सरायपाली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष वासनिक को बसना का प्रभार दिया गया है। बसना थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद तिवारी को सरायपाली का प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह कोतवाली प्रभारी नितेश सिंह ठाकुर को तुमगांव का प्रभार दिया गया है। उप निरीक्षक उत्तम तिवारी को सिंघोड़ा थाना से बसना भेजा गया है। उप निरीक्षक दिलीप कुमार वर्मा को रक्षित केंद्र महासमुंद से थाना महासमुंद में पदस्थ किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक नसीम उद्दीन को को गैर जिला बल महासमुंद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संलग्न किया गया है। इसी तरह उप निरीक्षक गुमास्ता को थाना बसना से थाना प्रभारी अजाक की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं उप निरीक्षक उमेश वर्मा को रक्षित केंद्र महासमुंद से थाना प्रभारी सिंघोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है। मालूम हो कि बीते दिनों नेहरू चौक में आदिवासी कांग्रेस ने मणिपुर घटना पर पीएम मोदी का पुतला दहन किया था। ठीक इससे एक दिन पहले युकां जिलाध्यक्ष ने अपने एक समर्थक पर कार्रवाई न करने के लिए टीआई ठाकुर से कहा था। जिसमें कार्रवाई हो चुकी थी। लिहाजा पुतला दहन के दौरान कांग्रेस नेता पूर्व पालिका उपाध्यक्ष, युकां नेता आदि की टीआई से धक्का-मुक्की हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि विधायक विनोद चंद्राकर, एएसपी आकाश राव, एसडीओपी मंजुलता बाज को आकर मामला शांत कराना पड़ा था।
हालांकि टीआई ठाकुर ने इसे सामान्य बात व प्रदर्शन का हिस्सा करार दिया था। इस घटना के कुछ दिन बाद प्रभारी व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू बैठक लेने महासमुंद पहुंचे। जहां इस मामले की शिकायत की गई थी।