महासमुन्द
महासमुंद, 17अगस्त। महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा हीना साहू के साथ देश के अन्य स्कूलों में पढ़ रही 4अन्य छात्राओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सेटेलाइट गर्ल का खिताब मिला है। इस दौरान हीना को उनके विचार सांझा करने का अवसर दिया गया।
ज्ञात हो कि आजादी सेटेलाइट विश्व का प्रथम ऐसा कम्युनिकेशन सेटेलाइट है, जिसे सरकारी स्कूल की छात्राओं ने बनाया और एसएसएलवीडी 2 रॉकेट द्वारा अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया। छात्राओं को उनकी वैश्विक उपलब्धि के लिए ‘सेटेलाइट गल्र्स’ की उपाधि दी गई।
शाला के इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी, शाला के प्राचार्य जीआर सिन्हा एवं समस्त स्टाफ ने एटीएल प्रभारी चंद्रशेखर मिथिलेश तथा छात्रा हिना साहू को बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने भाषण में सैटेलाइट गल्र्स के कार्यों की सराहना की। उन्होंने देश के एटीएल लैब का उल्लेख करते हुए इसे भावी वैज्ञानिक की जननी रूप में बताया।