महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 अगस्त। बागबाहरा पुलिस ने आमगांव के एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर उसने वारदात को अंजाम दिया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनुविभागीय अधिकारी अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि थाना बागबाहरा क्षेत्र में 13 अगस्त की रात को प्रार्थी ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि शाम करीब 6.20 बजे मैं अपने घर में था। उसी समय मेरी चचेरी बहन राखीबाई मेरे घर आई। उसने बताया कि आपके बेटे लकेश्वर खडिय़ा को सोनदादर के रहने वाला उत्तम यादव ने सोनदादर पुलिया के पास चाकू मार दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मैं गांव के टेकराम यादव, नूतन खडिय़ा तीनों पुल के पास गए। वहां पर मेरा बेटा नहीं था। पास में खड़े मनोज चन्द्राकर ने बताया कि आपके बेटे को इलाज के लिए एम्बुलेंस से गुलाल और बिसरु बागबाहरा अस्पताल लेकर गये हैं। मैं तत्काल शासकीय अस्पताल आया। वहां देखा कि मेरे बेटे का पेट कटा हुआ है और अंतड़ी बाहर आ गयी है। मेरे बेटे के हाथ की कलाई भी कट गई थी।
अस्पताल में बृजलाल यादव, रामकुमार ने मुझे बताया कि लकेश्वर के साथ मैं बृजलाल और रामकुमार तीनों खेत में काम कर सायकल से गांव आमगांव जा रहे थे कि करीब शाम 6 बजे सोनदादर पुलिया के पास ग्राम सोनदादर का उत्तम यादव अपने मोटर सायकल के साथ पुल पर खड़ा था। उसने लकेश्वर को रोका और बोला तू इधर आ। जैसे ही लकेश्वर अपनी सायकल से उतरा, उत्तम उसके पास आया और अपने हाथ में रखे चाकू से उसके पेट में वार किया। लकेश्वर जोर से चिल्लाया और मुझे बोला उत्तम यादव ने मुझे चाकू मार दिया है, मेरी (अतड़ी) बाहर आ गई है।
रामकुमार ने बताया कि पेट पर वार करने के बाद आरोपी ने चाकू से लकेश्वर के दाहिने हाथ कलाई पर वार किया। लकेश्वर उत्तम को धक्का देकर खेत की ओर भागा और उत्तम यादव अपनी मोटर सायकल को चालू करके वहां से तेज गति से अपनी गांव सोनदादर की ओर भाग गया। लकेश्वर की गंभीर स्थिति को देखते हुए हम उसे एम्बुलेंस से महासमुंद लेकर जा रहे थे कि बागबाहरा के आगे लक्ष्मी राईस मिल के पास लकेश्वर के शरीर में कोई हलचल नहीं देखा। इसलिए वापस उसे शासकीय अस्पताल बागबाहरा लेकर आये। जहां डॉक्टरों ने लकेश्वर को मृत घोषित कर दिया ।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बागबाहरा में आरोपी उत्तम कुमार यादव के विरूद्ध धारा 302 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी उत्तम कुमार यादव (24 वर्ष) सोनदादर थाना बागबाहरा जिला महासमुंद को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कहा कि करीब एक साल पहले जून 2022 को मैं ग्राम आमगांव शादी में गया था। शादी में डांस करने की बात पर आमगांव के लडक़े महेन्द्र, जितेन्द्र, बाबादीन ठाकुर व अन्य लडक़ों के साथ लड़ाई झगड़ा हो गया। लडक़ों ने मेरे साथ बहुत मारपीट की। मारपीट से मेरे मन में बदले की भावना बनी हुई थी। दिनांक 13 अगस्त को शाम करीब 06 बजे मैं सोनदादर पुल के पास बैठा था।उसी समय आमगांव निवासी लकेश्वर खडिय़ा बागबाहरा की तरफ से अपने घर आमगांव जा रहा था। मैंने उसे देखकर रोका और कहा तुम लोग मेरे साथ शादी के दिन मारपीट किये थे। आज मैं तुम्हे जिंदा नहीं छोडूंगा। मैंने हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे बटन चाकू से उसके पेट और हाथ पर कई वार किया। वह फिर भी भागने लगा था। मैं चाकू लेकर दौड़ाया, तभी वहां कुछ लोग आ गए। आरोपी की स्वीकारोक्ति के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक बटन चाकू को जब्त किया गया।