महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अगस्त। शासन के निर्देशानुसार कृषकों के हित में कृषि विभाग द्वारा राज्य स्तरीय उर्वरक, बीज, कीटनाशी उडऩदस्ता दल के सदस्य जगतजननी यादव सहायक संचालक कृषि संचालनालय रायपुर एवं जिले से अमित कुमार मोहंती सहायक संचालक कृषि, कीटनाशी निरीक्षक आमाकोनी उमेश चन्द्राकर, कीटनाशी निरीक्षक बागबाहरा जी.पी. शरणागत एवं कार्यालयीन शाखा निर्वाही ओमप्रकाश चन्द्राकर ने शुक्रवार को बागबाहरा विकासखंड के ग्राम भीमखोज के मेसर्स किसान बीज भंडार एवं श्री हरि कृषि केन्द्र बागबाहरा, गीतांजलि कृषि केन्द्र तेन्दुकोना का निरीक्षण किया।
इस दौरान ग्राम भीमखोज के मेसर्स किसान बीज भंडार द्वारा कीटनाशी बिल बुक के निरीक्षण में कृषकों को कीटनाशक दवाओं के विक्रय पश्चात दिये जाने वाले बिल में निर्माण तिथि एवं अवसान तिथि का उल्लेख नहीं होना पाया गया। उक्त दोनों कृषि केन्द्रों में विक्रय एवं भंडारण स्थल में सभी प्रकार के स्कंध पंजी संधारण, मूल्य सूची, बिल बुक, बीज, कीटनाशक एवं उर्वरक लाइसेंस के मूल प्रतियों स्रोत प्रमाण पत्र तथा पौस मशीन का अवलोकन किया गया।
श्री हरि कृषि केन्द्र के उर्वरक भंडार गृह में उर्वरकों का स्कंध मिलान किया गया। स्कंध पंजी के निरीक्षण में आज दिनांक तक की एन्ट्री अधूरी पायी गयी एवं स्कंध में अंतर पाया गया। जो कि उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 का उल्लंघन है। श्री हरि कृषि केन्द्र बागबाहरा द्वारा कीटनाशी स्रोत प्रमाण पत्र जुड़वाना नहीं पाया गया एवं अवसान तिथि के समाप्ति के पश्चात दवाईयां पायी गयी। जिसे सीज कर जब्ती नामा बनाया गया।
इसी प्रकार से बागबाहरा विकासखण्ड के ग्राम तेन्दुकोना के गीतांजली बीज भंडार में भी निरीक्षण किया गया। संचालनकर्ता द्वारा सभी प्रकार के पंजियों का संधारण सही करना पाया गया। पास मशीन में भी स्कंध की मात्रा सही पायी गयी। उक्त फर्म द्वारा कृषकों को विक्रय बिल में निर्माण तिथि एवं अवसान तिथि भी अंकित कर प्रस्तुत किया जा रहा है।
किसान बीज भंडार भीमखोज एवं हरि कृषि केन्द्र बागबाहरा को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने निर्देशित किया गया है। जवाब समयावधि में प्रस्तुत नहीं करने एवं जवाब संतोषप्रद नहीं होने की स्थिति में उर्वरक एवं कीटनाशी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जावेगी।
उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप ने अवगत कराया कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।