महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 13 अगस्त। वादों का जुमला फेंककर जनता को ठगना भाजपा की मूल प्रवृत्ति है और जिसे अब जनता पहचानने लगी है। उक्त उद्गार छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव व विधायक द्वारिकाधीश यादव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान व्यक्त किए।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा जनता को झूठे वादे करती है और उन्हें झूठे वादों के भरोसे वह सोचती है कि हम फिर से छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएंगे तो या उनकी कपोल कल्पना है। श्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढिय़ा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार में सभी वर्ग सुखी है। किसान ,मजदूर ,युवा, व्यापारी सभी वर्ग का इस सरकार ने विशेष ध्यान रखा है और किसानों के लिए इसे स्वर्णिम समय भी किसान नेताओं ने घोषित कर दिया है।
संसदीय सचिव श्री यादव ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हमारी पार्टी की सरकार ने वास्तविक फैसले किए हैं और जो वादा किया है वह भरपूर निभाया है । चाहे वह किसानों की बात हो, चाहे भूमिहीन कृषकों को दी जाने वाली राशि की बात हो , चाहे युवाओं के बेरोजगारी भत्ते की बात हो चाहे, बेहतरीन उच्च स्तरीय शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के बात हो।
श्री यादव ने बताया कि युवाओं के लिए तो हमारी सरकार ने विशेष प्रयास किया है जिसके चलते युवाओं को स्थाई और निमित्त रोजगार के बेहतरीन अवसर प्राप्त हो रहे हैं। और बीते 10 माह से छत्तीसगढ़ देश भर में सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य बना हुआ है।
श्री यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते जहां 20 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर छीन लिए गए, वहीं इन की कारगुजारियों के चलते गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों की संख्या 24 करोड़ से 80 करोड़ पार कर चुकी है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार आत्ममुग्धता में लिप्त है। ना इसे किसानों की चिंता है ना मजदूरों की चिंता है और ना ही युवाओं की चिंता है।
श्री यादव ने कहा कि भारत में हर दसवें वर्ष में आम जनगणना करने की परंपरा रही है लेकिन यह केंद्र की मोदी सरकार अपनी असफलता को छुपाने के लिए जनगणना के आंकड़े जारी नहीं होने देना चाह रही है। ताकि इन आंकड़ों के नियंता जारी ना होने के पीछे वह अपनी असफलता को छिपा सके।
श्री यादव ने कहा कि केवल भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार ही छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास कर सकती है बाकी से तो आप उम्मीद करना ही छोड़ दीजिए। क्योंकि भाजपा ने अपने 15 साल के शासन जिसे किसानों के लिए कुशासन कहा जाता है उसमें न किसान खुश था, ना युवा वर्ग खुश था, और ना ही मजदूर वर्ग। और अपने घोषणा पत्र में केवल आदिवासी का राग अलापने वाले कुशासन से भरी पार्टी को जनता आने वाले समय में कड़ा जवाब देगी।