महासमुन्द
7 स्कूलों से बच्चे राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गीत संगीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे
पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी, एनएसएस की कुल 12 टुकडिय़ां परेड करेंगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के लिए आज कलेक्टर प्रभात मलिक और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने परेड की फू लड्रेस रिहर्सल में पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी, एनएसएस की कुल 12 टुकडिय़ों में परेड की सलामी दी। रिहर्सल मिनी स्टेडियम में आयोजित की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा मंच में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। महासमुंद शासकीय महाप्रमु वल्लभाचार्य महाविद्यालय मिनी स्टेडियम में रिहर्सल सुबह 9 बजे शुरू हुई। आज फुल ड्रेस रिहर्सल में वही इंतजाम रहे जो 15 अगस्त को रहेंगे। यानि 15 अगस्त वाले दिन समारोह में भी करीब-करीब यही अरेंजमेंट रहेगा। जिले के 7 स्कूलों से बच्चे छत्तीसगढ़ी और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गीत संगीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। आज उनकी भी रिहर्सल की गई। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू एवं संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर मुख्य अतिथि होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को सुबह 8.58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। सुबह 9 बजे वे ध्वजारोहण करेंगे वहीं 9.03 बजे परेड का निरीक्षण, गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। मुख्य अतिथि 9.15 बजे मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। सुबह 9.35 मार्च पास्ट होगा। इस अवसर पर शहीद परिवारों का समम्मान भी किया जाएगा।
इसके बाद सुबह 9.50 बजे उत्कृष्ट काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र दे कर सम्मान करेंगे। सुबह 10 बजे कार्यक्रम का समापन होगा। समारोह एक घंटे तक चलेगा।