महासमुन्द

महासमुंद कलेक्टोरेट परिसर में चल रहे गढक़लेवा खाली करने आदेश
12-Aug-2023 3:50 PM
महासमुंद कलेक्टोरेट परिसर में चल  रहे गढक़लेवा खाली करने आदेश

संचालित कर रही महिलाएं संकट में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अगस्त।
महिला व बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडेय ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन बनाकर परोसने वाली महिला समूह की महिलाओं को कलेक्टोरेट परिसर में चल रहे गढक़लेवा को वहां से खाली करने का दो टूक मौखिक आदेश दिया है। कहा जा रहा है कि जिस स्थान पर गढक़लेवा संचालित है, वहां कामकाजी महिलाओं के बच्चों के लिए पालना घर खोला जाना तय हुआ है। इस तरह छत्तीसगढ़ की संस्कृति को ऊंचाइयां देने में जुटी गढक़लेवा योजना पर एक बार फिर संकट में है। गढक़लेवा संचालित कर रही महिलाओं ने गढक़लेवा खोलने के लिए प्रशासन से व्यवस्था की मांग की है। 

जानकाकी के मुताबिक समूह की महिलाओं ने कर्ज लेकर बड़ी मुश्किल से इस गढ़ कलेवा को शुरू किया था। गढक़लेवा के बंद होने के साथ ही समूह की महिलाओं के समक्ष आजीविका का संकट का अंदेशा है। मालूम हो कि गढक़लेवा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। जिसके तहत महिला समूहों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना मुख्य उद्देश्य है। लेकिन महासमुंद में उल्टा हो रहा है। यहां महिलाओं की आजीविका पर संकट के बादल हैं। 

जानकारी अनुसार यह गढक़लेवा 7-8 महीने पहले ही शुरू हुआ था। इसके लिए महिलाओं ने बैंक से कर्ज लिया है। अभी महिलाएं अपना कर्ज तक चुका नहीं पायी हैं कि इन्हें यहां से खाली कराया जा रहा है। जिला कार्यालय परिसर में आज से लगभग 3-4 साल पहले छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की बिक्री व महिलाओं को रोजगार दिलाने के नाम पर शासन की महत्वपूर्ण योजना के तहत गढक़लेवा के लिए भवन बनाया गया था। प्रारंभ में इसे दिव्यांगजनों द्वारा चलाया जा रहा था। लेकिन किसी कारणवश यहां शीघ्र ही ताला लग गया। बंद होने के ढाई साल बाद इसे पुन: प्रारंभ करने के लिए पहल हुई और गढक़लेवा में फिर से कलेवा मिलने लगा। 

गढक़लेवा संचालिका आरती साहू ने बताया कि हम इसका संचालन अच्छी गुणवत्ता वाले छग व्यंजन परोसकर कर रहे हंै। संचालन के लिये बर्तन हेतु 70 हजार रुपए 2 प्रतिशत व्याज पर तथा डेढ़ लाख रुपए फर्नीचर आदि के लिए बैंक से कर्ज लिया है। हाल ही में 35 हजार रुपए का एक एक फ्रिज भी खरीदा है। यदि हमें यहां से खाली कराया गया तो हम इन सामानों का क्या करेंगे। यदि इन्हें बेचते भी हैं तो उन्हें इसके आधे पौने दाम ही मिलेंगे। आरती ने कहा कि हम यहां खाली कर देंगे लेकिन हमें इसे खोलने के लिए अलग से स्थान प्रदान किया जाये।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर ने इस मामले में कहा है कि यह शासन की योजना है। पता चला है कि महासुंद मेंजहा गढक़लेवा संचालित है, वहां कामकाजी महिलाओं के बच्चों के लिए पालना घर शुरू होगा। शासन ने वर्ष 2019 में गढक़लेवा योजना की घोषणा कर वर्ष 2020-21 में इसे मूर्त रूप दिया था। इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देना, महिला समूहों को रोजगार देना था। यदि स्थापित स्थान से गढक़लेवा को हटाया जा रहा है तो इसे पुन: विस्थापित करने की जिम्मेदारी भी जिला प्रशासन की है। मैं इस बारे में संज्ञान लेती हूं। इसके लिए प्रशासन द्वारा जगह, शेड और अन्य सुविधाएं प्रदान करने का प्रावधान है। 
 


अन्य पोस्ट