महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अगस्त। बसना थाना क्षेत्र स्थित भंवरपुर चौकी के ग्राम दलदली निवासी विधवा महिला ने अपने ही बेटे बहू पर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है। बुजुर्ग फुलबाई पति स्व.शशिभूषण पटेल उम्र 65 साल नेे कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं चौकी प्रभारी भंवरपुर को लिखित शिकायत में कहा है कि उसके 4 बेटे-बेटियां हैं। फूलबाई के नाम पर 10 एकड़ जमीन है। उसमें उसकी छोटी पुत्री खिरोदिनी तथा पुत्र तरूण कुमार पटेल का हिस्सा है। बुजुर्ग होने के कारण फूलबाई को कई प्रकार की शारीरिक तकलीफें हैं।
फूलबाई का आरोप है-मेरे बड़े पुत्र तरूण, तरुण की पत्नी देवकी तथा उसके पुत्र धनुर्जय ने कई बार मुझे जान से मारने की कोशिश की है। हर बार उनके हाथों से बाल-बाल बची हूं। बीते 5 अगस्त को धनुर्जय के बड़े बेटे तरूण की पत्नी देवकी तथा पुत्र धनुर्जय ने शौचालय में घुसकर गला दबाकर मारने की कोशिश की। वहां मेरा 14 वर्षीय पौत्र प्रमोद पहुंच गया तो तरुण और देवकी मुझे शौचाालय में ही छोडक़र भाग गए। मैं उस वक्त बेहोश थी। मेरे पौत्र प्रमोद ने पानी डालकर मुझे होश में लाया।
फूलबाई का दावा है कि जमीन के दस्तावेज पर बेटे-बहू ने जबरदस्ती उनसे अंगूठे का निशान लगवाया है। उसने शिकायत में बताया है कि पहले भी कई बार जान से मारने की कोशिश की गई थी। तब पूर्व चौकी प्रभारी ने समझौता कर शांति से रहने का निर्देश दिया था। फूलबाई का पुलिस पर भी आरोप है कि शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस वाले खानापूर्ति करते रहे। फूलबाई ने बताया है कि काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने आरोपी तरूण कुमार पटेल, देवकी पटेल, धनुर्जय पटेल के खिलाफ भादवि की धारा 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध तो कायम कर लिया है किंतु अब कार्रवाई नहीं की है।