महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अगस्त। पूर्व विधायक व चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. विमल चोपड़ा ने कलेक्टर महासमुंद से मुलाकात कर रेलवे पटरी किनारे निवास करने वाले गरीब परिवारों को हो रहे समस्या के बारे में अवगत कराते हुए ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने कहा कि वार्ड 14 में रेलवे पटरी किनारे लगभग 50 परिवार झुग्गी झोपडी में पिछले 40 वर्षों से निवासरत हैं। ये परिवार मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हंै। रेलवे महासमुंद के पास बसे हुए लोगों को 10 दिन में मकान खाली करने का नोटिस प्राप्त हुआ है। सामने बरसात है, इन लोगों के पास अलग से रहने के लिए कोई आवास व मकान नहीं है। ये बेघर हो जाएंगे। अत: इन गरीब परिवारों के लिए नगर पालिका से कहिए कि आवास बनाकर इनके रहने की व्यवस्था करे।
शासन की योजना के तहत कालोनी बनाने वाले नगर पालिका को जमीन दिये हैं। ऐसी जमीन में प्रधानमंत्री आवास के तहत मकान बनाकर इनका पुनर्वास कराएं। रेलवे से पत्र व्यवहार के माध्यम से इन लोगों को मुआवजा प्रदान कियाजावे। कलेक्टर प्रभात मलिक ने उनकी बातों को गंभीरता पूर्वक लेते हुए आश्वासन दिया है कि गरीब परिवारों के समस्या के निवारण जल्द से जल्द 7 से 8 दिन के अंदर किया जाएगा और इनके रहने के लिए एक उचित स्थान इन 50 परिवारों को प्रदान किया जाएगा। इस दौरान पार्षद देवीचंद राठी, पवन साहू, विक्की गुरूदत्ता मौजूद थे।