महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अगस्त। जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम परिसर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह को लेकर पुलिस विभाग सहित एनसीसी, स्काउट गाइड, नगर सैनिक, स्वयं सेवकों के कदमताल की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मुख्य आकर्षकण का केंद्र रहेगा। इस बार स्कूली बच्चों को तीन साल बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तु़ति देने का मौका मिल रहा है।
स्वंतत्रता दिवस पर मुख्य आकर्षण परेड ही होता है, जिसकी तैयारी रक्षित निरीक्षक नीतिश नायर के द्वारा कराई जा रही है। सप्ताहभर पूर्व से रिहर्सल चल रही है। इसमें 13 प्लाटून शामिल हो रहे हैं। जिला पुलिस के दो प्लाटून, महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट, रेडक्रास सहित छात्र-छात्राएं भी परेड रिहर्सल में पहुंच रहे हैं। इस वर्ष 13 प्लाटून रिहर्सल में पहुंच रहे हैं। कदम से कदम मिलाने की तैयारी प्रतिदिन सुबह व शाम रक्षित निरीक्षक के द्वारा कराई जा रही है। समारोह में स्कूली बच्चों के देशभक्ति, संस्कृति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। विभागों को दिए जाने वाले पुरस्कार एवं पदकों का भी वितरण किया जाएगा। 15 अगस्त के अवसर पर रात्रि में सभी शासकीय, सार्वजनिक, भवनों राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। इसके अलावा कोविड के तीन साल बाद स्कूली बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने की अनुमति शासन ने दी है। स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए तैयारी में जुट गए हैं।