महासमुन्द
कलेक्टर को पत्र लिखकर करणीकृपा में बाहरी लोगों को चिन्हित करने संबंधी आदेश दिए
विधायक ने किसान नेताओं से की चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 अगस्त। करणी कृपा प्रायवेट लिमिटेड के खिलाफ बीते डेढ़ सालों से सत्याग्रह कर रहे किसानों ने महासमुंद विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर के गर के सामने नगाड़ा बजाकर उनका ध्यान आकृष्ट किया। किसान प्रमाणित दस्तावेज के साथ विधायक निवास पहुंचे थे।
किसानों का आरोप है कि महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को धोखे में रखकर करणी कृपा प्रायवेट लिमिटेड अपना कारोबार कर रही है। इस कंपनी के मालिक विमल खेतान ने 400 बाहरी मजदूरों को काम पर रखा है। बिहार, असम, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बंगाल, ओडिशा प्रदेश से श्रमिक बुलाकर कंपनी में काम कराया जा रहा है और विधानसभा के कामगार खाली बैठे हैं।
कल लगभग 20 गांवों के किसान करणीकृपा के खिलाफ नगाड़ा लेकर विधायक विनोद चंद्राकर के निवास पहुंचे। उनकाआगमन जानकर विधायक अपने निवास से बाहर आए और उन्होंने किसानों द्वारा लाए गए दस्तावेज देखा। इसके बाद तत्काल विधायक ने कलेक्टर को एक पत्र लिखकर करणीकृपा में बाहरी लोगों को चिन्हित करने संबंधी आदेश दिए।
सत्याग्रही किसानों ने अपनी मांग को लेकर लोहिया चौक महासमुंद से नारा लगाते रैली की शक्ल में विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर के निवास की ओर कूच किया। इस रैली का नेतृत्व महिला किसान नेत्री राधाबाई सिन्हा, डिगेश्वरी चंद्राकर, नीरा ध्रुव, ननकुनिया पारधी, शांति सिन्हा, अक्ति मानिकपुरी, टुकेश्वरी ध्रुव, सुकवारो साहू,ललिता साहू आदि कर रहे थे। विधायक निवास पहुंचकर करणी कृपा उद्योग में काम कर रहे बाहरी लोगों को बाहर भेज कर स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार दो की मांग करने लगे। किसान कोडार बांध का पानी उद्योग को बेचने के निर्णय को वापस लेने, सिरपुर पर्यटन स्थल बचाने, करणी कृपा उद्योग के अवैधानिक निर्माण को रोकने आदि की मांग नगाड़ा बजाते हुए कर रहे थे।
किसानों की आवाज सुनकर बाहर गेट में आकर विधायक ने महिला किसान प्रमुख एवं किसान नेताओं से चर्चा की। अंत में किसान प्रमुखों को अपने निवास अंदर बुलाकर जिलाधीश महासमुंद, एसडीओपी, लेबर इंस्पेक्टर एवं थानेदार तुमगांव को निर्माणाधीन उद्योग के अवैधानिक क्रिया कलापों, अन्य प्रदेशों से आये श्रमिकों की जांच कर उन्हें बाहर निकालने का निर्देश दिया। साथ ही साथ कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के शत प्रतिशत बेरोजगारों को ही रोजगार दिया जाए।
राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे ने कहा कि सत्याग्रही किसानों की यह एक बड़ी जीत है। इसी प्रकार से सत्याग्रही किसानों की एक एक करके सभी मुद्दों पर जीत होगी। करणीकृपा पावर प्लांट में बाहरी लोगों को रोजगार दे रही है। विधायक ने जिला प्रशासन से जांच करा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सत्याग्रही किसानों ने विधायक को एक ज्ञापन भी सौंपा है जिसमें बताया गया है कि तुमगांव-खैरझीटी के पास करणी कृपा प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक स्टील उद्योग खोला जा रहा है। जिसमें दूसरे प्रदेश के करीब 80 फीसदी लोगों को रोजगार दिया गया है। जबकि स्थानीय लोगों को रोजगार से वंचित किया जा रहा है। करणी कृपा पावर प्लांट को कोडार से पानी देने की कोशिश की जा रही है। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने तत्काल जिला प्रशासन को इस मामले की जांच करते हुए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही इस संबंध में करणी कृपा संस्थान को उद्योग संचालित करने मिली अनुमति, भूमि क्रम की जानकारी, नियमानुसार क्रय की गई भूमि, काबिलकास्त क्रय भूमि, प्लांट में कार्यरत मजदूरों का सत्यापन तथा कोडार बांध से पानी देने अनुबंध सहित अन्य बिंदुओं की जांच कर कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा है।