महासमुन्द

शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले 24 शालाओं के प्राचार्य सम्मानित
31-Jul-2023 2:57 PM
 शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले 24 शालाओं के प्राचार्य सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 जुलाई। कलेक्टर प्रभात मलिक की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक शनिवार को स्वामी आत्मानंद शासकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में आयोजित की गई। कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा 2023 के कक्षा 10वीं व 12वीं के परिणाम की समीक्षा करते हुए शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले 24 प्राचार्यों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्राचार्य एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सकारात्मक परिणाम देते रहे।

बैठक में आगामी शिक्षा सत्र 2023-24 में बेहतर परिणाम लाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि विशेष कार्यक्रम बनाकर सभी शालाओं में पिछले वर्ष से बेहतर परिणाम लाने का प्रयास करें। बैठक में  जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा किये जा रहे अभिनव पहल नि:शुल्क आवासीय कोचिंग हेतु चयन परीक्षा का आयोजन व नव किरण सुपर 60,  कक्षा 9वीं, 11वीं स्तर से चयन पर विशेष जोर दिया गया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी,हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय का संचालन पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती पूर्ण हो जाए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों को दी जाए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षा के गुणवत्ता पर समझौता नहीं किया जाएगा, यहां शिक्षक विशेष प्रयास करते हुए बेहतर परिणाम दें।

मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी शालाओं में आबंटित राशि अनुसार खर्च करने व स्कूलों का रंग रोगन व पेंट करने के निर्देश दिए गए। संकुल प्राचार्य के कर्तव्यए दायित्व व निर्वहन पर चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गए। जाति प्रमाण पत्र की प्रगति पर चर्चा करते हुए बच्चों के जाति प्रमाण पत्र शाला स्तर पर ही बनाने के निर्देश दिए। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि छात्रवृति का आवेदन करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के पास आधार नंम्बर हो एवं उसका लिंक बैंक एकाउंट से हो, यह सुनिश्चित किया जाए तथा छात्रवृति का आवेदन करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, चीप्स के सर्वर पर अपलोड किया गया हो, आवेदन से लिंक किया जाए।

बैठक में  नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, सरस्वती सायकल के वितरण की स्थिति, राष्ट्रीय अविष्कार अभियान की गतिविधियों का संचालन, इंस्पायर अवार्ड मानक के तहत् नवाचारी विज्ञान मॉडल,प्रोजेक्ट की तकनीक अपलोड करना एवं पंडित जवाहर लाल नेहरू विज्ञान प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत प्रोजेक्ट निर्माण पर चर्चा की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी, सहायक संचालक हिमांशु भारतीय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, हाईस्कूल एवं हायरसेकंडरी स्कूल के प्राचार्य व संकुल श्रोत समन्वयक मौजूद थे।


अन्य पोस्ट