महासमुन्द
समझाइश के बाद मामला शांत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जुलाई। बसना क्षेत्र के वनांचल में बसे ग्राम जेवरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुस्साये विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने कल ताला जड़ दिया। स्कूल में ताला जडऩे की खबर जैसे ही प्रशासन को लगी, शिक्षा विभाग व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गये और उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन देकर स्कूल का ताला खुलवाया।
शासकीय उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय जेवरा महासमुंद जिला मुख्यालय से 72 किलोमीटर की दूरी पर बसा है। वनांचल ग्राम जेवरा में गरीब एवं किसान ग्रामीणों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के उद्देश्य से वर्ष 2008 में हाईस्कूल विद्यालय का शुभारंभ किया था। जहां ग्रामीणों की मांग पर 2017 में हायर सेकंडरी में स्कूल का उन्नयन कर कला एवं विज्ञान संकाय की कक्षाएं संचालित है।
ग्रामीणों की मानें तो यह विद्यालय शुरू से ही विषय विशेषज्ञ सहित शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। वर्तमान में कक्षा 9वीं से 12वीं तक कक्षाओं के लिये 5 शिक्षकों की पदस्थापना सहित एक शिक्षक की व्यवस्था समेत कुल 6 शिक्षक पदस्थ हैं। वर्तमान में यहां भूगोल, जीव विज्ञान, रसायन, हिंदी, राजनीति, अर्थशास्त्र जैसे मुख्य विषयों के शिक्षक नहीं हैं। इससे बच्चों को पढ़ाई मामले में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण बताते हैं कि विगत 5-6 वर्षों से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों से शिक्षकों की मांग जा रही है लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार परेशान होकर विद्यार्थियों, ग्रामीणों ने स्कूल में ताला लगा दिया और आंदोलन करने लगे। इस दौरान शासन, प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को कई बार लिखित में मांग पत्र देकर अध्यापकों की स्कूल में कमी को पूरा करने को लेकर गुहार लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। अत: विवश होकर शिक्षकों की कमी के चलते विद्यालय में ताला लगाना पड़ रहा है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं का साथ देने क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य वृंदावन, सोमनाथ पांडे, ग्रामीण मौजूद रहे। घटना की सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी जेआर डहरिया विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को समझाइश देने लगे। परंतु ग्रामीणों ने विद्यालय का ताला खोलने से मना कर दिया।
इसके बाद बसना तहसीलदार रमेश कुमार मेहता एवं जिला पंचायत सीईओ एस आलोक ने भी समझाईश दी। इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी जेआर डेहरिया ने जल्द अतिरिक्त जेवरा विद्यालय में 2 शिक्षकों की व्यवस्था करने की बात उच्चअधिकारियों के सामने कहीं।
पश्चात ग्रामीणों, विद्यार्थियों ने उच्च अधिकारियों को ताला खोल कक्षा का संचालन करने दिया। जयप्रकाश, विक्रम, भावेश, ममता, कविता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, ग्रामीणों ने बताया कि सरकार सब पढ़ें और स्कूल चले हम जैसे नारों से बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करती है। लेकिन स्कूल के हालात ऐसे हैं कि कोई ऐसे सरकारी स्कूल में कैसे पढ़े? विद्यालय में कुल 171 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
यहां सिर्फ 5 अतिथि शिक्षकों के भरोसे पूरा स्कूल संचालित किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी के चलते छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार की शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्ता पर लाने के तमाम दावों की पोल जेवरा सरकारी विद्यालय में देखा जा सकता है। स्कूल में जीव विज्ञान, भूगोल, रसायन, हिंदी, राजनीति, अर्थशास्त्र सहित महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापकों के पद रिक्त हैं। कई छात्र-छात्राओं ने इस स्कूल में प्रवेश लेना ही बंद कर दिया है।