महासमुन्द

किसान की खुदकुशी से प्रदेश सरकार का किसान विरोधी चेहरा बेनकाब-रूपकुमारी
28-Jul-2023 3:09 PM
 किसान की खुदकुशी से प्रदेश सरकार का किसान विरोधी  चेहरा बेनकाब-रूपकुमारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जुलाई।
भाजपा जिला अध्यक्ष व पूर्व संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि जिले के खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छुइहा के एक किसान कन्हैया सिन्हा की खुदकुशी से एक बार फिर प्रदेश की कांग्रेस सरकार का घोर किसान विरोधी चरित्र बेनकाब हो गया है। श्रीमती चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पिछले विधानसभा चुनाव में की गई घोषणाओं को पूरा नहीं करने के कारण प्रदेश के किसान हताश होकर आत्महत्या के लिए विवश हो रहे हैं।

श्रीमती चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार मृतक किसान के परिवार को तत्काल 50 लाख रुपए का मुआवजा दे। सरकार ने उसका कर्ज माफ  नहीं किया। कन्हैया कर्ज न चुका पाने के कारण परेशान था। वहीं लो. वोल्टेज के चलते उसकी चार एकड़ की रबी फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। 

उन्होंने कहा कि भाजपा बिजली आपूर्ति की समस्या पर सतत प्रदेश सरकार को आगाह करती रही है। पिछले तीन-चार साल से फ सल नहीं होने, कर्जमाफ ी नहीं होने और साथ ही फसल बीमा नहीं होने के कारण कन्हैया चहुओर परेशानी से घिरा हुआ था और दान-दाने के लिए मोहताज हो गया था। कोई और विकल्प नहीं होने की बात कहकर एक किसान का आत्महत्या करना प्रदेश के लिए एक कलंकपूर्ण व दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।

उन्होंने कहा है कि भूपेश सरकार जिस तरह किसानों के नाम पर लगातार झूठ बोलती आ रही है, उसके मुंह पर कन्हैया की आत्महत्या एक करारा तमाचा है। ऐसी किसान विरोधी झूठी सरकार को एक क्षण भी सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

श्रीमती चौधरी ने कटाक्ष किया कि अपने खानदानी, राजनीतिक आकाओं की चाटुकारिता करने के लिए उत्तर प्रदेश में जाकर 5- 50 लाख रुपए का मुआवजा बांटने वाले ऐसे मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ के किसानों की जरा भी फि क्र नहीं है।


अन्य पोस्ट