महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जुलाई। विशेष न्यायाधीश अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम भीष्मप्रसाद पांडे ने ग्राम गोंगल निवासी सरपंच रूपलाल पटेल, रोहित पटेल और देवनारायण साहू को विभिन्न धाराओं के तहत 6-6 माह के सश्रम कारावास की सजा से दंडित किया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार कुरूभाठा के आश्रित ग्राम गोंगल थाना पटेवा निवासी खेमलाल ध्रुव ने थाना पटेवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वहां के सरपंच रूपलाल पटेल के खिलाफ पीएम आवास के कार्यों में अनियमितता को लेकर पंचायत सचिव से सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी गई थी।
जिसके कारण रूपलाल पटेल आए दिन आवेदन वापस लेने की बात कहकर प्रार्थी धमकी देता रहता था। इसी क्रम में 16 फरवरी 2021 को उसके आवेदन की जांच हेतु जिला पंचायत से अधिकारी आए थे। जिसकी सूचना पर प्रार्थी तुरेंगा से गोंगल आया। वह लोकनाथ पटेल के घर के पास था, तभी दोपहर करीब ढाई बजे देवनारायण साहू, लोकनाथ साहू, रूपलाल पटेल व रोहित पटेल मिले। लोकनाथ ने कहा- तुम्हीं गांव को लड़वा रहे हो। उल्टा-सीधा आवेदन देते हो, कहकर गालियां देने लगे। जातिगत शब्दों का उपयोग किया। रूपलाल ने मारपीट की। फिर चारों पीटने लगे। लोहितराम वीडियो बना रहा था। उसे भी गालियां देकर पीटा। हितेश्वर ध्रुव ने बीच बचाव किया तो उसके साथ गालियां देकर मारपीट की।इस माामले में न्यायालय ने रूपलाल पटेल को धारा 294 के तहत एक हजार रुपए अर्थदंड, 323, 34 के तहत 6 माह तथा 323 के तहत 6 माह की सजा तथा 5 सौ रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। इस तरह रोहित पटेल को धारा 323, 341 तहत 6 माह की सजा तथा 500 अर्थदंड और देवनारायण साहू को 32, 34 के तहत 6 माह व 500 रुपए अर्थदंड, अजा अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत 6 माह व 1 हजार रुपए अर्थदंड, धारा 427 के तहत 6 माह कैद व 1 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। आरोपियों को अर्थदंड नहीं पटाने पर अलग से सजा भुगतनी होगी।