महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 15 जुलाई। जिला कलेक्टर प्रभात मलिक ने शुक्रवार को नगर एवं कुछ ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान स्वामी आत्मानन्द स्कूल का निरीक्षण कर वहां आवश्यतानुसार अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत कराने एवं मरम्मत कार्य कराने का निर्देश विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी पिथौरा को निर्देशित किया। नगर पंचायत पिथौरा अन्तर्गत स्वीकृत अधूरे मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य को तत्काल पूर्ण कराने हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी पिथौरा को निर्देशित किया।
उन्होंने नगर पंचायत पिथौरा अन्तर्गत मुक्तिधाम, बाजार शेड, पौनी पसारी, कृष्णकुंज एवं खेल मैदान का निरीक्षण कर समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिथौरा का निरीक्षण करव्यवस्था दुरस्त करते हुये बी.एम.ओ. कार्यालय, ओपीडी एवं आपरेशन थियेटर को नए भवन में संचालित करने हेतु खण्ड चिकित्सा अधिकारी पिथौरा को निर्देशित किया।
विकास खण्ड पिथौरा अन्तर्गत ग्राम पंचायत गोड़बहाल के रीपा का निरीक्षण कर पशु आहार शेड निर्माण एवं पशु आहार बनाने के लिये मशीन क्रय करने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पिथौरा को निर्देशित किया।
ग्रीन ग्राम सपोस का निरीक्षण कर ग्राम सपोस को माडल ग्राम बनाने हेतु विभिन्न पैरामीटर बार कार्य कराने के लिये अनुविभागीय अधिकारी (रा) पिथौरा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पिथौरा एवं सरपंच ग्राम पंचायत सपोस को निर्देशित किया है। विकास खण्ड पिथौरा के अनुविभागीय अधिकारी (रा) कार्यालय, तहसील कार्यालय, एवं जनपद पंचायत कार्यालय पिथौरा का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था दुरस्त करने हेतु अनुविभागीय अधिकारी पिथौरा को निर्देशित दिए।
सब्जी बाजार के लिए खास निर्देश
नगर के एक मात्र सब्जी बाजार के बाहर नगर के अनेक स्थानों पर सब्जी पसरा लगाने की जानकारी नगरवासियों से मिलने के बाद श्री मलिक ने दैनिक बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाजार के बीचोबीच एक बिल्डिंग खड़ी देख नगर पंचायत अधिकारियों से जानकारी ली तो पता चला कि उक्त बिल्डिंग एक एल्डरमेन की है।
इस पर कलेक्टर ने तत्काल निर्देशित करते हुए बिल्डिंग को जमींदोज कर उन्हें सूचित करने कहा। इसके अलावा सब्जी विक्रेताओं द्वारा अलग-अलग स्थानों पर पसरा लगाने की शिकायत पर सभी सब्जी विक्रेताओं को एक ही निर्धारित स्थान लगाने हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी पिथौरा को निर्देश दिया। इसी तरह निरीक्षण के दौरान फल विक्रेता एवं गुपचुप, चाट ठेले वालों द्वारा अलग-अलग स्थान पर लगाया जा रहा है जिसे भी एक ही स्थान पर लगाने हेतु स्थान चयन कर व्यवस्थित रूप से लगाये हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी पिथौरा को निर्देश दिया है। नगर पंचायत पिथौरा के अंतर्गत अतिक्रमण को हटाने हेतु अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार पिथौरा को निर्देश दिया गया।