महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 जुलाई। शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग करने उठाए गए धान की हेराफेरी करने और मिल की मिलिंग क्षमतानुसार चावल जमा नहीं करने पर खाद्य विभाग द्वारा मेसर्स श्री सांई राइस मिल ग्राम देवलभांठा, तहसील सरायपाली के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 8954 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि मेसर्स श्री सांई राइस मिल द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में कस्टम मिलिंग के लिए 24.440 क्विंटल धान का उठाव किया गया है। जिसकी मिलिंग कर 16512 क्विंटल चावल शासन को प्रदाय किया जाना है। किन्तु फर्म ने सात माह से अधिक अवधि में मात्रा 6373 क्विंटल चावल जमा किया है। खाद्य विभाग एवं विपणन संघ के अधिकारियों ने इस फर्म में उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन किया तो 5480 क्विंटल धान कम मिला। जांच के दौरान फर्म के परिसर में निजी धान 8954 क्विंटल संग्रहित था. जिसके संबंध में फर्म के संचालक सुनील पटेल ने कोई वैद्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।