महासमुन्द

आत्मानंद इंग्लिश स्कूल बागबाहरा के हेडमास्टर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, धारा 354, पॉक्सो एक्ट दर्ज
15-Jul-2023 2:12 PM
आत्मानंद इंग्लिश स्कूल बागबाहरा के हेडमास्टर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, धारा 354, पॉक्सो एक्ट दर्ज

पालकों की बैठक के बाद स्कूल की प्राचार्य ने लिखाई रिपोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा/महासमुंद,15 जुलाई। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल बागबाहरा में मिडिल स्कूल के प्रभारी हेड मास्टर द्वारा छात्राओं के साथ बेड टच व आपत्तिजनक हरकत किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

प्राचार्य का ध्यानाकर्षण व पालकों की बैठक में इस शर्मनाक घटना के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोपी शिक्षक के विरूद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज करा कार्रवाई का निर्णय लिए जाने के बाद प्राचार्य मधु सिरमौर ने पुलिस में घटना की लिखित रिपोर्ट की है। बीईओ ने भी घटना को लेकर जिला शिक्षाधिकारी को लिखित रूप से जानकारी भेजी है। पुलिस ने आरोपी हेड मास्टर के खिलाफ  भादवि की धारा 354 तथा पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संस्था के प्राचार्य द्वारा आरोपी शिक्षक प्रमोद दास के खिलाफ  लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शुक्रवार को पूर्वान्ह 11.40 बजे के आसपास छात्राओं ने उक्त शिक्षक द्वारा बेड टच किए जाने की सूचना प्राचार्य एवं अन्य शिक्षकों को दी। इस मामले में पालक समिति की बैठक आहुत की गई तथा सर्व सम्मति से प्रकरण की जांच हेतु थाने में सूचना दिए जाने का निर्णय लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी हेड मास्टर के खिलाफ  भादवि की धारा 354 तथा पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री वर्मा एवं एबीईओ नितिन लहरे ने भी शाला में पहुंचकर छात्राओं व शिक्षकों तथा पालकों से चर्चा की। उन्होंने घटना की जानकारी लिखित रूप से जिला शिक्षाधिकारी को प्रेषित की है।

      बैठक में पालक समिति के उपाध्यक्ष बलबीर सिंग बग्गा, भीखम ठाकुर, सेतराम बघेल, प्रेम साहू सहित बाला चंद्राकर,तुलसी यादव, ठाकुर मैम सहित काफी संख्या में पालक एवं नागरिक उपस्थित थे। सभी ने घटना की निंदा की एवं कहा कि शालेय प्रशासन इस बात का विशेष ध्यान रखे कि इसकी पुनरावृत्ति ना हो।


अन्य पोस्ट