महासमुन्द

जैन मुनि की हत्या के विरोध में समाज ने राष्ट्रपति-राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा
14-Jul-2023 2:43 PM
जैन मुनि की हत्या के विरोध में समाज ने राष्ट्रपति-राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुलाई।
महासमुंद सकल जैन समाज ने विगत 5 जुलाई को कर्नाटक के बेलगावी जिले में स्थित चिकोड़ी तहसील के नंदी पर्वत में हुई जैन मुनि कामकुमार नंदी की  हत्या के विरोध में राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम पर जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। विश्व हिंदू परिषद ने सकल जैन श्री संघ का समर्थन किया एवं ज्ञापन सौंपने अनेक कार्यकर्ता उपस्थित हुए। 

जैन समाज ने मुनिराज द्वारा हत्यारे को रकम उधार दिए जाने की भ्रामक जानकारी फैलाने पर भी अपना विरोध दर्ज किया है। जैन समाज ने हत्यारों के खिलाफ  कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

जैन श्री संघ के सचिव सीए रितेश गोलछा ने बताया कि वहां के जैन संघ ने पूर्व में अपराधी को उसकी विषम परिस्थिति में अनुकंपा वश रकम प्रदान की थी, जिसे जरूरत पूरी होने के बाद लौटाने का आग्रह किया था। जिससे क्षुब्ध होकर उसने जैन समाज के मुनिराज की हत्या कर दी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के ट्रस्टी राजेश लूनिया, प्रदीप झाबक,जसराज लोढ़ा, अशोक चौरडिया, सीए रितेश गोलछा सहित जैन समाज के गुमान मालू, सुशील बोथरा, ललितांग गोलछा, सुमित कोचर, रोशन लूनिया, संकल्प पारख, गौरव बरडिया, अखिलेश लूनिया, दुष्यंत कोचर, हर्ष भंसाली, वैभव झाबक, विहिप के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। 


अन्य पोस्ट