महासमुन्द
महासमुंद, 11 जुलाई। तुमगांव उप तहसील कार्यालय का लाभ फि लहाल तुमगांवासियों को अभी नहीं मिलेगा। क्योंकि सोमवार को यहां उक्त कार्यालय का उद्घाटन नहीं हो पाया। उद्घाटन को लेकर चल रहे खींच तान की वजह से फिलहाल समारोह को टल दिया गया है। तुमगांव नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पप्पू पटेल, भाजपा पार्षद एवं ग्रामीण प्रदर्शन के लिए कार्यालय के सामने पहुंचकर नारेबाजी करते रहे, लेकिन उद्घाटन स्थगित होने की जानकारी मिली तो शांत हो गए।
उन्होंने कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम पर विरोध जारी रहेगा। जब तक भाजपा के जनप्रतिनिधियों को सम्मानपूर्वक नहीं बुलाएंगे व कार्ड नाम में नहीं होगा विरोध करेंगे। इस संबंध में नायब तहसीलदार खीर सागर बघेल ने बताया कि उद्घाटन समारोह अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। नई तिथि जारी होने के बाद सूचित किया जाएगा।
मालूम हो कि तुमगांव उप तहसील कार्यालय का उद्घाटन कल सोमवार को होना था। इसके लिए जिला प्रशासन ने आमंत्रण पत्र तैयार किया था। आमंत्रण पत्र में नगर पंचायत के अध्यक्ष का नाम विशिष्ट अतिथि में रखा गया था, लेकिन उपाध्यक्ष व बीजेपी व निर्दलीय पार्षदों का नाम अतिथि में शामिल नहीं था। इसी का विरोध करने सोमवार को उपाध्यक्ष व पार्षद उप तहसील कार्यालय पहुंचे थे।