महासमुन्द
प्रथम मेरिट सूची 8 जुलाई को होगी जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय महासमुंद में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए प्रवेश प्रारम्भ हो गया है।
सत्र 2023-24 के लिए बीए, बीएससी गणित एवं कम्प्यूटर साईंस,बीकॉम कम्प्यूटर प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डा.रीता पांडेय ने बताया कि इस महाविद्यालय में प्रवेश हेतु 4 जुलाई से रविशंकर विश्वविद्यालय के वेबसाइट पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन प्रारम्भ हो गया है। महाविद्यालय द्वारा विषयवार प्रथम मेरिट सूची 8 जुलाई को निकाली जाएगी। मेरिट सूचीए प्रवेश संबंधित कार्य फिलहाल शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय मचेवा स्थित कार्यालय में प्रात: 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस सत्र बीए में अंग्रेजी साहित्य, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र एवं बीएससी गणित समूह, बीएससी कंप्यूटर साइंस एवं बीकॉम कंप्यूटर एप्लीकेशन जैसे 4 पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे।
इस वर्ष कुल 240 सीट स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें बीए,कला संकाय में 90 सीट, बीएससी गणित में 60,बीएससी कंप्यूटर साइंस में 60 एवं बीकॉम कंप्यूटर एप्लीकेशन में 60 सीट शामिल है।