महासमुन्द
महासमुंद, 3 जुलाई। महासमुंद जिले में नल जल योजना का हाल बेहाल है। जिला मुख्यालय के आसपास 5-10 गांव में ही योजना की शुरुआत हुई है लेकिन अन्य 1 हजार से अधिक गांवों में इस योजना का विस्तार नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। कई गांवों में टंकियां बन गई हैं। लेकिन अब तक पानी सप्लाई शुरू नहीं हुआ। कई गांव ऐसे हैं, जहां अभी टंकी का निर्माण चल रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक मिशन के कार्य को जल्द पुराना कराने में पीएचई के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विभागीय जानकारी के मुताबिक जिले के 1105 गांवों में टंकियां बनाना है। लेकिन अभी तक 180 टंकियां ही बन पाई हैं। सबसे ज्यादा समस्या जिले के सरायपाली व बसना ब्लॉक में है। मैदानी जानकारी है कि ग्राम गोहेरापाली के 7 वार्डों में पानी की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं। ग्राम देवलभांठा में भी ग्रामीण दूर से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।
योजना यह है कि नलों के माध्यम से जिले के 2.30 लाख घरों तक पानी पहुंचाना है, लेकिन अभी तक मात्र 90 हजार ही कनेक्शन पहुंच पाया है। इस योजना का लाभ सबसे ज्यादा उन गांवों में कारगर होगा, जहां गर्मी के दिनों में मात्र एक पंप चलता है और वहां ग्रामीण पानी लेने जाते हैं।