महासमुन्द

आज गुरू पूर्णिमा: चातुर्मास-तीज त्यौहारों का दौर शुरू
03-Jul-2023 3:42 PM
आज गुरू पूर्णिमा: चातुर्मास-तीज त्यौहारों का दौर शुरू

 मंदिरों में चल रहा साज-सज्जा का काम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 जुलाई। आज गुरू पूूणिमा के साथ ही तीज त्यौहारों का दौर शुरू हो गया है। इसके साथ ही चातुर्मास भी प्रारंभ होने जा रहा है। सोमवार को गुरू पूर्णिमा का त्योहार है। इसके बाद 4 जुलाई से दो महीने तक चलने वाला सावन महीना शुरू हो जाएगा। इस बीच भी कई और पर्व आ रहे हैं। इसे लेकर मंदिरों में आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिरों में साज-सज्जा का काम चल रहा है। कहीं-कही तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। सावन को लेकर शिवभक्त ों में उत्साह है।

तीज त्यौहारों के दौर शुरू होने से बाजार की उम्मीदें भी बढ़ गई है। बेहतर ग्राहकी की आस में लोगों ने अपनी दुकानें सजा ली है। पर्व आने से व्रत रखने वालों की संख्या में भी इजाफा होता है। जिससे फलों की मांग और दाम दोनों बढ़ जाते हैं। करीबन 58 दिन तक चलने वाले सावन को लेकर भी विशेष तैयारी कर ली गई है। शिव मंदिरों के साथ ही अन्य देवालयों में भी पूरे दो महीने तक भक्तिमय माहौल रहने वाला है।

महामाया मंदिर के पुजारी और नगर पंडित पंकज तिवारी के अनुसार इस साल सावन में अधिमास भी है। अधिमास में विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्यों के लिए मुहूर्त नहीं रहते हैं। इस महीने में सूर्य संक्रांति नहीं होती है। इस कारण इस महीने को मलिन माह यानी मलमास माना गया है। मल मास में नामकरण, यज्ञोपवीत जैसे संस्कार भी नहीं किए जाते हैं। आम तौर पर चार महीने तक चलने वाला चातुर्मास भी इस बार पांच महीने का होगा।

अगले पूरे एक महीने में ढेरों पर्व और व्रत दिवस आ रहे हैं। इनमें आज 3 जुलाई गुरू पूर्णिमा, 4 जुलाई सावन, 6 जुलाई गजानन संकोष्टी, 9 जुलाई कलाष्टमी, 13 जुलाई कामिका एकादशी, 14 जुलाई शुक प्रदोष व्रत, 16 जुलाई गजानंद संक्रांति, 17 जुलाई हरियाली अमावस्या, 21 जुलाई विनायक चतुर्थी, 29 जुलाई पदमिनी एकादशी और 30 जुलाई को रवि प्रदोष व्रत है।


अन्य पोस्ट