महासमुन्द
महंगाई भत्ता एवं गृहभाड़ा भत्ता सहित अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी जगत में आक्रोश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 जुलाई। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा द्वारा लंबित महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतनमान के अनुरुप गृहभाड़ा भत्ता सहित अन्य प्रमुख मांगों को लेकर 7 जुलाई को अवकाश लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए जंगी प्रदर्शन करेंगे ।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक टेकराम सेन में बताया कि कर्मचारी जगत महंगाई भत्ता एवं गृहभाड़ा भत्ता को लेकर लगातार संघर्षरत है । बावजूद सरकार कर्मचारियों के मांगों को अनदेखी कर कर्मचारी जगत को झुनझुना ही पकड़ाया है । गत वर्ष भी लंबी लड़ाई लडऩे के बाद निराशा ही हाथ लगी । सरकार 2018 से महंगाई भत्ता जैसे प्रमुख अधिकार को देय तिथि से एरियर्स सहित नहीं दी है। जिससे प्रत्येक कर्मचारियों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। आज भी हम केन्द्र से 9 प्रतिशत पीछे हैं। वहीं गृहभाड़ा भत्ता को सातवें वेतनमान के अनुरुप नहीं दिया जा रहा है ।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में छठवें वेतनमान के आधार पर देय गृहभाड़ा भत्ता को 7वें वेतनमान के आधार पर केन्द्रीय दर पर पुनरीक्षित करने,राज्य के कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को केन्द्र के समान देय तिथि से मंहगाई भत्ता स्वीकृत करने, प्रदेश के कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर गठित पिंगुआ कमेटी एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में वेतन विसंगति हेतु गठित समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने, कांग्रेस पार्टी के जन घोषणा पत्र के क्रियान्वयन हेतु राज्य के समस्त कर्मचारियों को चार स्तरीय वेतनमान क्रमश: 8, 16, 24 एवं 30 वर्ष की सेवा अवधि उपरांत करने, अनियमित संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को नियमित करने, पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने हेतु प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करने, पूर्ण पेंशन का लाभ अर्हतादायी सेवा 33 वर्ष के स्थान पर 25 वर्ष करने की मांग शामिल हैं।
आंदोलन हेतु संरक्षक मंडल से प्रमोद तिवारी, डॉ. रामकुमार चंद्राकर, उमेश भारती गोस्वामी, अशोक गिरि गोस्वामी, शिव साहू, कर्मचारी नेता चमन चंद्राकर, के.के. चंद्राकर, शिव साहू, मनीष ठाकुर, राजेश शर्मा, चिन्ताराम साहू, जगदीश साहू, शैलेन्द्र सोनी, राकेश थवाईत, नितेष श्रीवास्तव, दिलीप तिवारी, चन्द्रभान साहू, ईश्वर चंद्राकर, सिराज बक्श की उपस्थिति में रणनीति तैयार की गयी है । उक्त जानकारी फेडरेशन के प्रचार मंत्री ईश्वर चंद्राकर ने दी है ।