महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जून। अपराधों पर नियंत्रण लगाने व असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से कल महासमुंद पुलिस ने शहर के नयापारा समेत संदिग्ध इलाकों में दबिश देकर किराएदारों की तस्दीक की।
मालूम हो कि महासमुंद शहर के नयापारा स्थित मकानों में बहुत से ऐसे किराएदार रहते हैं जो अधेड़ उम्र के हैं और अपने परिवार से अलग अन्य महिलाओं के साथ लिव इन में रहते हैं। इसे लेकर आए दिन परिवार में खून खराबा जारी है। बताया जाता है कि इनमें से अधिकांश लोगों की पुलिस के अफसरों के साथ रोजाना लंबी बैठक होती है। कल दबिश से पहले भी इसकी सूचना ऐसे लोगों को लीक की थी। लिहाजा संदिग्ध सभी लोग किराए के मकान में ताला जड़ बाहर घूमने निकल गए थे और कोई भी पकड़ में नहीं आया।
इसके लिए विभाग ने 3 टीम तैयार कर रखी थी जो पृथक-पृथक स्थानों पर जाकर किराएदारों के आधार कार्ड मांगकर उनका सत्यापन किया। वहीं कई खाली मकानों की तस्दीक भी की। इस टीम में राजपत्रित अधिकारी सहित कुल 60 की संख्या में पुलिस बल थे।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरिपुंजे के मार्गदर्शन में नयापारा क्षेत्र में निवासरत लोगों की जांच की गई। टीम ने दलदली रोड, रविदास गार्डन, अटल आवास, काली मंदिर मोहल्ले की जांच प्रभारी अधिकारी मंजूलता बाज एसडीओपी पुलिस महासमुंद को दी थी। इसमें अनुविभागीय अधिकारी ने नागरिकों से आधार कार्ड, फोटो थाने में जमा करने की दी हिदायत दी।
टीम बी में निरीक्षक इन्द्रभूषण सिंह थाना प्रभारी अजाक, निरीक्षक गायत्री सिन्हा, प्रभारी महिला परामर्श केन्द्र महासमुंद, महिला परामर्श केन्द्र ने संतोषी मंदिर, शिव मंदिर, मस्जिद चौक, शासकीय अस्पताल के अलावा मोहल्ले की जांच की। इसमें प्रभारी अधिकारी राजेश देवांगन ने अपने-अपने क्षेत्र के मकानों की जानकारी ली। मकान मालिकों से उनके यहां रह रहे किरायेदारों के विषय में जानकारी नोट की गई तथा ऐसे किराएदार जिनकी जानकारी मकान मालिकों द्वारा थाने में नहीं दी गई है, उन्हें तत्काल उक्त किरायेदारों की जानकारी आधार कार्ड व फोटो सहित थाने में जमा करने हिदायत दी गई।
इस दौरान मकान मालिकों को हिदायत दी गई कि बिना पुलिस को पूर्व सूचना दिए किसी भी प्रकार से किरायेदारों को मकान किराए में ना देवें और बाद में अगर ऐसे किरायेदारों द्वारा कोई अपराधिक गतिविधि की जाती है तो उसकी जिम्मेदारी मकान मालिकों की भी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक यातायात मोनिका श्याम प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक की टीम सी ने गुलशन चौक, बादल गली, पुराना गोदाम, धान संग्रहण केंद्र के पीछे, बैसाखू मोहल्ले की जांच की। इस टीम में प्रभारी अजय शंकर त्रिपाठी, डीएसपी अजाक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव तथा खलारी प्रभारी उपनिरीक्षक उमाकांत तिवारी शामिल थे।