महासमुन्द

सावित्रीपुर की सरपंच बनीं शिवकुमारी, 98 मतों से जीतीं
28-Jun-2023 3:47 PM
सावित्रीपुर की सरपंच बनीं शिवकुमारी, 98 मतों से जीतीं

महासमुंद, 28 जून। जनपद पिथौरा के पंचायत सावित्रीपुर में सरपंच पद के उप चुनाव में शिवकुमारी मलिन दास ने अपने निकटतम प्रत्याशी जीमला राकेश पटेल को 98 मतों से हराकर सरपंच पद प्राप्त किया। मतदान कल कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ। सावित्रीपुर एवं संबद्ध ग्राम तिलंजनपुर के सभी 20 वार्ड के कुल 2760 मतदाताओं में से 78.27 प्रतिशत मतदाताओं ने मतपत्र के माध्यम से मतदान किया।

 सरपंच पंकजनी मिश्रा को अविश्वास प्रस्ताव से हटाये जाने के बाद सरपंच पद हेतु उप चुनाव के लिये कल मतदान हुआ। पिथौरा एसडीएम रविराज ठाकुर, तहसीलदार नवनीत,एसडीओपी, थाना प्रभारी सांकरा ने मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुये सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निर्वाचन अधिकारी नायब तहसीलदार रविन्द्र कुमार काले ने बताया कि मतदान दल मतदान सामग्री लेकर मिडिल स्कूल सावित्रीपुर एवं शासकीय प्राथमिक शाला तिलंजनपुर लिए रवाना किया गया। दल निर्धारित केंद्र में गत रात्रि पहुंच चुके थे। दल में एक पीठासीन अधिकारी तथा 3 मतदान कर्मी के साथ सुरक्षाकर्मी शामिल थे। मतदान के पूर्व ही निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार काले पहुंचे। प्रत्याशियों और उनके एजेंट के समक्ष मतदान की प्रकिया से अवगत कराते हुये सुबह 06 बजे से मतदान शुरू किया गया। दोपहर 03 बजे को समाप्त किया। इस दौरान 4 मतदान केंद्रों के मतदान केंद्र क्रमांक 151 सावित्रीपुर में वार्ड क्रमांक 01 से वार्ड 06 के कुल 736 से 559, मतदान केंद्र क्रमांक 152 सावित्रीपुर में वार्ड क्रमांक 07 से वार्ड 11 के कुल 558 से 479, मतदान केंद्र क्रमांक 153 सावित्रीपुर में वार्ड क्रमांक 12 से वार्ड 14 के कुल 534 से 478 और मतदान केंद्र क्रमांक 154 तिलंजनपुर के वार्ड क्रमांक 15 से वार्ड 20 के कुल 842 से 650 मतदाताओं ने मतदान किया।

                कुल 4 मतदान केंद्र वार्ड क्रमांक 01 से वार्ड क्रमांक 20 तक के कुल 2760 में से 1113 पुरुष 80.87 प्रतिशत,1053 महिला 76.88 प्रतिशत कुल 2166 मतदाताओं ने मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। जबकि 594 मत विभिन्न कारणों से नहीं पड़े। मतदान के पश्चात बैलेट पेपर मत पेटी को अभ्यर्थियों एवं उनके कार्यकर्ताओं के समक्ष सीलबंद कर कड़ी सुरक्षा के साथ मतदान केंद्र में मतगणना हेतु खोला गया। जिसमें सरपंच पद के अभ्यर्थियों अनिता राजेंद्र पंडा चश्मा छाप 191 मत, जीमला राकेश पटेल गिलाश छाप 661, सीमा उमेश मिश्र नारियल पेड़ छाप 501 मत और शिवकुमारी मलिन दास हैडपम्प छाप को 759 मत पड़े। शिवकुमारी मलिन दास के सरपंच चुनाव जीतने के साथ ही समर्थकों ने पटाखे फोडक़र रंग गुलाल लगाकर बधाई दी।


अन्य पोस्ट