महासमुन्द
महासमुंद, 27 जून। ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भुथिया में एक परिवार के जमीन विवाद के मध्य छोटे भाई द्वारा बड़े भाई के जमीन को हड़पने का मामला सामने आया है।
बड़े भाई ने छोटे भाई पर आरोप लगाया है कि उनकी अशक्तता का लाभ उठाते हुए छोटे भाई ने अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ मिलकर जमीन के दस्तावेजों में कूट रचना कर उसे अपने नाम पर करवा लिया है। इस संबंध में प्रार्थी बड़ा भाई ने आरोप लगाते कहा कि कई वर्षों से अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन किसी तरह की सुनवाई नहीं हो रही है।
भुथिया निवासी सदानंद भोई पिता दनारो भोई (78 वर्ष) ने बताया कि उनका एक पुत्र राजकुमार भोई दिव्यांग है, उसे दोनों आंखों से नहीं दिखता है। राजकुमार की 4 पुत्रियां एवं 1 पुत्र मनमोहन (9 वर्ष) है। अत: उन लोगों को बेसहारा पाकर छोटे भाई पंचानन भोई ने उनके खरीदे गए जमीन के सभी दस्तावेजों की चोरी कर ली थी। जिसे बलौदा थाना से 7 जनवरी 2017 को दिलाया गया।
जानकारी अनुसार दोनों भाई का भूमि विभाजन 25 वर्ष पूर्व हुआ है। दोनों का अलग-अलग पट्टा बन चुका है तथा एक इकरार नामा स्टाम्प लिखा गया है। प्रार्थी के अपंग होते ही पंचानन ने इन सबका उल्लंघन करते हुए समय-समय पर स्वयं ही अनावेदक,आवेदक एवं साक्ष्य बनकर फर्जी कागजात तैयार कर उनके खरीदे गए संपूर्ण भूमि को अपने नाम पर कर दिया है। प्रार्थी के मुताबिक उनकी शिकायत पर राजस्व न्यायालय में उक्त भूमि के संबंध में प्रकरण चल रह था। जिस पर उन्हें कोई सूचना नहीं दी जा रही थी। जबकि पंचानन के द्वारा जमीन का सीमांकन करवाया जा रहा था।