महासमुन्द
महासमुंद, 27 जून। महुआ शराब पर सरायपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम अर्जुंडा चौक से एक सफेद रंग की बोरी में पॉलीथिन के अंदर में लगभग 60 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब कीमती 12 हजार रुपए, परिवहन में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना काले रंग की मोटर साइकिल बरामद किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सरायपाली थाना प्रभारी आशीष वासनिक को 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब परिवहन कर ग्राम अर्जुंडा से सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस के जवान अर्जुंडा चौक पहुंचे और नाकेबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक व्यक्ति मोटर साइकिल में आते दिखा जिसे घेराबंदी कर पूछताछ की गई।
आरोपी ने अपना नाम राधेश्याम कलेत (33 वर्ष) खपरीडीह थाना सरायपाली बताया। पॉलिथिन के अंदर रखे सामान को चेक करने पर 60 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब पाया गया।
अवैध शराब परिवहन करते पकड़े जाने पर आरोपी के कब्जे से 60 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब एवम परिवहन में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ 34-2 आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।