महासमुन्द
पहली बारिश में कीचड़ से सराबोर, आवाजाही मुश्किल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 जून। विकासखण्ड के ग्राम अमोदीडीह से गिरना के समीप करीब डेढ़ किलोमीटर मार्ग कीचड़ से सराबोर होने के कारण सोमवार से खूल रहे स्कूलों में बच्चों का जाना कठिन हो जाएगा।
ज्ञात हो कि उक्त मार्ग वन विभाग के अधीन है, परन्तु ग्रामीणों के बार बार निवेदन के बाद भी वन विभाग द्वारा उक्त समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गिरना के समीप प्रधानमंत्री सडक़ से पिलवापाली ग्राम को जोडऩे वाले कोई डेढ़ किलोमीटर लंबे वन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही से मार्ग जर्जर हो चुका है। इसी डेढ़ किलोमीटर के वन मार्ग पर ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
पहली ही बारिश में यह मार्ग गड्ढों में मिट्टी होने की वजह से पूरी तरह कीचड़ में बदल गया है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवम अफसरों के काफी दिनों तक चक्कर लगाए परन्तु ग्रामीणों को कही भी सफलता नहीं मिली।
शीघ्र मरम्मत होगी— वन विभागग
क्षेत्र के वनपाल दिनेश शर्मा ने उक्त सम्बन्ध में ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उक्त मार्ग जर्जर हो चुका है फिर भी अफसरों के संज्ञान में लाकर इसकी मरम्मत की जाएगी, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो।