महासमुन्द
महासमुंद, 25 जून। नाबालिग लडक़ी की शादी होने की सूचना पर पहुंची महिला बाल विकास की टीम ने ग्राम पहुंचकर शादी रुकवाई। अब उक्त कन्या का विवाह 18 वर्ष पूर्ण अब 1 साल होने के बाद ही संपन्न होगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग बसना के परियोजना अधिकारी चन्द्रहास नाग ने बताया कि 17 वर्षीय नाबालिग लडक़ी की ग्राम कुमाऊ, टीकमगढ़ मध्यप्रदेश से इसी महीने शादी होने वाली थी। सूचना पर तत्काल ग्राम भंवरपुर पहुंचकर पर्यवेक्षक, पंच गीता पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुर्गावती भोई, संकुन्तला सतपथी, समरीन बरिहा द्वारा समझाइश दी गयी। परिवार द्वारा मना करने पर भंवरपुर चौकी प्रभारी जितेन्द्र कुमार विजयवार सहित ग्रामीणों की उपस्थिति में चौकी में वधु पक्ष एवं वर पक्ष अनिल अहिरवार, राजेश, भागरथी, आशाराम, जलम सिंह, लक्ष्मण अहिरवार समझाइश देकर पंचनामा कराया गया और 18 वर्ष पूर्ण होने पश्चात विवाह करने हेतु निर्देश दिया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को शादी होने वाली लडक़ी की आयु संबंधित दस्तावेज को जांच कर बताने कहा गया। जिस पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा शादी हो रही लडक़ी की जन्म संबंधित दस्तावेज में लडक़ी की जन्मतिथि 26 फरवरी 2006 पाया। जिसके आधार पर उम्र 17 वर्ष 04 महीने पाया गया।
परिजनों को बताया कि अभी आपकी बेटी को बालिक नहीं है, शादी नहीं करा सकते। टीम ने नाबालिग लडक़ी के परिजनों को समझाया कि बाल विवाह बचपन खत्म कर देता है। बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और संरक्षण पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। बाल विवाह का सीधा असर न केवल लड़कियों पर बल्कि उनके परिवार और समुदाय पर भी होता हैं। जिस लडक़ी की शादी कम उम्र में होती है। उसे घरेलू हिंसा तथा एचआईवी एड्स का शिकार होने का खतरा बढ़ जाता है।
खुद नाबालिग होते हुए भी उसकी बच्चे पैदा करने की संभावना बढ़ जाती है। गर्भावस्था और प्रसव के दौरान गंभीर समस्याओं के कारण अक्सर नाबालिग लड़कियों की मृत्यु भी हो जाती हैं। इसके अलावा देश में 21 वर्ष से कम उम्र के लडक़े और 18 साल से कम उम्र की लडक़ी की शादी बाल विवाह की श्रेणी में आता है।
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत दोषी को दो वर्ष तक के सश्रम कारावास या एक लाख रुपए तक के जुर्माने या दोनों सजाओं का प्रावधान है। इसके बाद लडक़ी के परिजनों ने महिला बाल विकास विभाग को आश्वासन दिया कि वे 18 साल की होने तक उसकी शादी नहीं करवाएंगे। परियोजना अधिकारी चन्द्रहास नाग ने वर सहित परिजनों को बताया कि लडक़ी नाबालिग है। बालिक होते तक उससे अपने लडक़ा का शादी नही करा सकते। इसलिये भंवरपुर बारात नहीं जाने कहा। जिस पर लडक़ा परिजनों द्वारा भी सहमति प्रदान करते हुए तब तक लडक़ी की उम्र 18 वर्ष नहीं होती, शादी नहीं करने का आश्वासन दिया।