महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 जून। समीप के ग्राम बया स्थित जिला सहकारी बैंक शाखा (कसडोल) के अंतर्गत 8 साख सेवा सहकारी समिति के करीब 341 किसानों को राजीव किसान योजना के पहले किस्त की राशि करीब 4 करोड़ एक महीने बाद भी उनके खाते में नहीं पहुंची है। किसान राशि के लिए बैंक के लिए चक्कर लगा रहे हैं, परन्तु उन्हें हर बार निराश हो कर बैरंग ही लौटना पड़ा रहा है।
क्षेत्र के किसानों एवं किसान नेता दिनेश ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार बया जिला सहकारी बैंक के अंतर्गत 8 समिति हैं जिसमें 2022/ 23 में बेचे गए गए धान 341 किसानों को राजीव किसान बीमा योजना की प्रथम किस्त का भुगतान अभी तक नहीं मिला है। 21 मई को प्रथम किस्त का भुगतान बड़े जोर-शोर से किसानों के खाते में डालने की बात कही गई थी, मगर एक महीना गुजर जाने के बाद भी किसानों के खातों में राशि नहीं पहुंचने से किसान परेशान है, जिससे किसान बैंकों के चक्कर काट रहे हैं।
बार नवापारा क्षेत्र के पूर्व जनपद सदस्य व किसान नेता दिनेश ठाकुर ने बताया कि खाते में बोनस की राशि की आने की उम्मीद से किसान हर दूसरे तीसरे दिन 40 से 50 किलोमीटर दूरी तय कर भरी गर्मी में बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। मगर खाते में राशि आ ही नहीं रही है। खेती किसानी का समय है खाद बीज व अन्य खर्चे के लिए राशि की आवश्यकता है।
बार समिति के करीब 261 किसानों को बोनस राशि नहीं मिली है कुल 341 किसानों का करीब 4 करोड़ बकाया है। राशि नहीं आने के संदर्भ में बयां साख समिति के प्रबंधक मुकेश सिन्हा से पूछा तो उन्होंने बताया कि ऊपर से बोनस की राशि नहीं आए हैं, आने पर शीघ्र ही वितरण किया जाएगा।
जिला सहकारी बैंक बया के सामने एक पोस्टर चस्पा कर दिया गया है, जिसमें यह लिखा गया है कि बोनस राशि नहीं आने पर हम से संपर्क नहीं करें समिति प्रबंधक व ग्राम सेवक अधिकारी से संपर्क करें।