महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जून। दो पक्षों के बीच 2 दिन पुराने विवाद को लेकर कल फिर ठन गई। बाद में कोतवाली के समक्ष दोनों पक्षों के जमा हो जाने के बाद अशांति फैलने की आशंका देखते हुए पुलिस ने लाठियां लहराकर दोनों पक्षों के युवाओं को खदेड़ा। कुछ को चोटें भी आई हैं।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के युवाओं के बीच 2 दिन पहले विवाद हुआ था। कल शाम को करीब 8 बजे एक पक्ष के लोग फिर कोतवाली के समक्ष जुटे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंचे। पहले से दोनों पक्षों की गतिविधियों पर निगाह थी। वहीं कल शाम शहर में रथयात्रा भी थी।
लिहाजा शहर तथा आसपास के श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिये जुटे थे। इसी वजह से चौक- चौराहों पर भीड़ जमा थी।
पुलिस ने दोनों पक्षों के कोतवाली के समक्ष एकत्र होने के बाद अशांति फैलने की आशंका को देखते हुये पहले समझाईश दी। फिर भी मामला शांत नहीं हुआ। तब कोतवाली के सामने मुख्य मार्ग पर जमकर लाठियां बरसाई। एकाएक मची भागम- भाग देखकर राहगीर भी सहम गये। पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर लाठियां लहराकर युवकों को वहां से खदेड़ा।
सूचना मिलते ही एएसपी आकाश राव गिरेपुंजे तथा एसडीओपी मंजूलता बाज ने मौके पर पहुंचकर स्थिति सम्हाली। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ युवकों को पूछताछ के लिए कोतवाली में बिठा रखा है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी।