महासमुन्द

‘देवार गीत’ को संरक्षित, संवर्धित व प्रोत्साहित करने कार्यक्रम 21 को
19-Jun-2023 4:19 PM
‘देवार गीत’ को संरक्षित, संवर्धित व प्रोत्साहित करने कार्यक्रम 21 को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 जून। देवार-गीत हमारे छत्तीसगढ़ राज्य की अमूर्त विरासत है, जो आज हासिये पर चला गया है। इसे संरक्षित, संवर्धित व प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्व संगीत दिवस पर 21 जून  को भारतीय सांस्कृतिक निधि इन्टैक महासमुंद अध्याय द्वारा लुप्तप्राय  ‘ देवार गीत ’ पर केन्द्रित कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसके अंतर्गत  ‘छत्तीसगढ़ी लोकगायन में देवार समुदाय का योगदान ’ विषय पर मुख्य अतिथि भाषाविद् एवं गीत-संगीत के मर्मज्ञ डॉ. चित्तरंजन कर, पूर्व अध्यक्ष भाषा एवं साहित्य पं. रविशंकर शुक्ल विश्व विद्यालय रायपुर का व्याख्यान होगा। साथ ही महासमुंद निवासी धाकड़ देवार द्वारा देवार-गीत की प्रस्तुति होगी। अध्यक्षता अरविन्द मिश्रा, संयोजक इन्टैक छत्तीसगढ़ राज्य अध्याय रायपुर, विशेष अतिथि राजेन्द्र चाण्डक, सचिव राज्य अध्याय होंगे।

इस अवसर पर देवार समाज प्रमुख सिरपंच देवार, पार्षद द्वय कुमारी बाई देवार एवं बड़े मुन्ना देवार का सम्मान किया जाएगा। विगत दिवस स्थानीय पुराना रेस्ट हाउस में संयोजक दाऊलाल चन्द्राकर की अध्यक्षता में  इन्टैक की बैठक हुई। जिसमें साहित्यकार व सदस्य अशोक शर्मा, सह-संयोजक बन्धु राजेश्वर खरे, सालिकराम कन्नौजे, आजीवन सदस्य मानकलाल चन्द्राकर, रघुनाथ सिन्हा, टेकराम सेन, मानक नामदेव व अन्य उपस्थित रहे। सर्व सम्मति से विश्व संगीत दिवस पर देवार-गीत पर केन्द्रित कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद हिन्दी उत्कृष्ठ आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में  21 जून बुधवार को शाम 4 बजे होगा। संचालन रूपेश तिवारी का होगा। इसके अलावा विगत 17 फरवरी को खाना-खजाना, मेरी खाद्य विरासत पर इन्टैक द्वारा आयोजित पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता के प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रमाण-पत्र सराईपाली-सारंगढ़ अध्याय के संयोजक यशवंत चौधरी के प्रभार में संबंधित विद्यालयों के आमंत्रित प्रभारी शिक्षकों को वितरण किया जाएगा। साथ ही क्षेत्रीय विजेता कुमारी चंचल साहू, कक्षा 7वीं स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल महासमुंद को सम्मानित किया जाएगा।  संयोजक दाऊलाल चन्द्राकर ने लोकगीत-संगीत के प्रति रुचि रखने वाले कला प्रेमियों को अधिक से अधिक संख्या में पधार कर नगर में होने जा रहे इस विशेष आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


अन्य पोस्ट