महासमुन्द
महासमुंद,18जून। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि अब ग्रामीणों के घरों तक बाधारहित साफ पानी सुलभ कराने जल दीदी व जल मितान नियुक्ति किए जाएंगे। भूपेश सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं के संचालन और संधारण के लिए ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें जल मितान, युवा उद्यमी तथा जल दीदी के रूप में योजनाओं के संधारण और संचालन के लिए तैयार करने का निर्णय लिया गया है। जल मितान कार्यक्रम शुरू करने वाला छत्तीसगढ़ राज्य देश का पहला राज्य है।
संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जल मितान-युवा उद्यमी उद्यमिता कौशल विकास परियोजना की शुरुआत की। इसके तहत ग्रामीण अंचलों के युवाओं को रोजगार मिलेगा।
जल जीवन मिशन के तहत बिछाए जा रहे पाइप लाइन और निर्माण हो रही टंकी के रखरखाव के लिए ये युवा काम करेंगे। उन्हें जल गुणवत्ता परीक्षण सर्विसेज, नल-पाइप फिटिंग रिपेयरिंग, आरो फिटिंग-रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिकल फिटिंग-रिपेयरिंग, सोलर पैनल फिटिंग-रिपेयरिंग, पंप आपरेटर सर्विस आदि ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।