महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जून। भारत देश के प्रत्येक प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता, खान-पान, खेलकूद, परंपरा, ऐतिहासिक स्थानों के संदर्भ में लोगों को बताने और दिखाने के लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत संचालित युवा संगम अभियान में एनआईटी नागालैंड के 43 युवा छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए हैं।
15 जून से 20 जून तक छत्तीसगढ़ का भ्रमण करने आए नागालैंड के छात्र-छात्राओं ने कल महासमुंद जिले के ऐतिहासिक नगरी सिरपुर का भ्रमण किया। यहां उन्होंने लक्ष्मण मंदिर, तिवर देव विहार, सुरंग टीला, महादेव मंदिर आदि का भ्रमण किया।
भ्रमण पर आए छात्र- छात्राओं ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री के कारण हम लोगों को ये मौका मिला है। छत्तीसगढ़ के लोग काफी अच्छे हैं। यहां की मेहमान नवाजी काफी सराहनीय है। छत्तीसगढ़ के सिरपुर का इतिहास काफी कुछ बयां करता है। हम लोग नागालैंड जाकर लोगों से कहेंगे कि छत्तीसगढ़ एक बार जरुर देख आइए।
गौरतलब है कि इस युवा संगम में 18 वर्ष से 35 वर्ष के युवा शामिल हैं और यह टीम आगामी 20 जून तक छत्तीसगढ़ के अलग- अलग स्थानों पर जाकर यहां की संस्कृति, खान-पान, परंपरा, खेलकूद आदि के बारे में जानकारी लेगी।