महासमुन्द
पंचायत और पटेवा पुलिस को जानकारी नहीं
पंचायत क्षेत्र के बड़े गड्ढे में फेंकी जा रही थी गर्म राख
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। झलप पंचायत क्षेत्र के एक बड़े गड्ढे में राइस मिल द्वारा डंप की गई गर्म राख में फंसकर 2 गायों की मौत हो गई है। यह तो अच्छा हुआ कि इस गर्म कुएं तक बच्चे और ग्रामीण नहीं पहुंचे। समाचार लिखते तक ग्रामीण और राइस मिलर के बीच समझौते की खबर है।
मालूम हो कि जिले भर में अनेक स्थानों की तरह झलप पंचायत क्षेत्र में भी मुरूम खोद-खोदकर फोरलेन निर्माता कंपनी ने बड़े-बड़े गड्ढे किए हैं। सालों गुजर गए लेकिन ये गड्ढे आज भी पाटे नहीं गए हैं। झलप स्थित इन गड्डों में बजरंग ेग्रो इंडस्टीज राइस मिल अपने मिल से मिकलनेवाले गर्म राख को इन्हीं गड्ढों में डंप करती है। ग्रामीणों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया कि गड्ढे को भरा जा रहा है। अत: गर्म राख डंप करने को लेकर किसी ने विरोध नहीं किया। 26 मई को टूरीडीह गांव की ओर जाने वाले गड्ढे से ग्रामीणों ने धुंआ निकलते देखा। पास आकर देखा तो गड्ढे में दो गाायों के शव पड़े थे। टूरीडीह और झलप के बीच बड़े क्षेत्रफल में गड्ढा खोदा गया है। यह वर्तमान में अनुपयोगी है। खबर मिलते ही बजरंग एग्रो इंडस्ट्रीज राइस ने देखते ही देखते गड्ढे को पाटने का काम शुरू किया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार 26 मई को टूरीडीह गांव से लगे उक्त गड्ढे से धुआं उठते देखा तो ग्रामीणों ने जनहानि की आशंका से वहां जाकर देखा तो 2 गाय गर्म राख से झुलसकर मृत पड़ी थीं। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल मिल कर्मियों को दी। जमीन मालिक जयदेव ध्रुव को भी पता नहीं था कि उक्त जमीन पर राइस मिल की गर्म राख डंप की जा रही है। एक ग्रामीण ने राख में चप्पल फेंकी तो राख गर्म होने के कारण चप्पल भी पिघलते दिखी। इस तरह वहां थोड़ी ही देर में भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने उक्त राइस मिल में जाकर आक्रोश जताया और पूछा कि उक्त गड्ढे में इस जानलेवा लापरवाही के मामले में जिम्मेदार कौन हैं और इसमें गर्म राख फेंकने की अनुमति किसने दी? बाद में पुलिस हस्तक्षेप के साथ संबंधित पक्षों के बीच समझौता हो गया है। राइस मिलर की ओर से जेसीबी के जरिये उक्त गड्ढे को पाटने का काम पूरा कर लिया गया है।