महासमुन्द
बेदखल करने से पहले उन्हें पुनर्वासित नहीं किया गया है, रोजी-रोटी की समस्या बनी हुई है-डॉ. चोपड़ा
जनता को हो रही परेशानियों की वजह से अतिक्रमण हटाया हटाया जा रहा। पुनर्वास की व्यवस्था हो चुकी है-नपाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,28 मई। नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के चलते बेदखल हुए फुटपाथ वेंडरों के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। इसे लेकर कल फुटपाथ वेंडरों ने डेढ़ सौ रुपए मासिक में दुकान आवंटित कर पुनर्वास किए जाने की मांग को लेकर संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से उनके निवास के बाहर मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा हैं।
मालूम हो कि अतिक्रमण के खिलाफ इन दिनों पालिका ने अभियान चला रखा है। जिसके तहत हाल ही में रायपुर रोड, बागबाहरा रोड और बीटीआई रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। यहां से फुटपाथ व्यवसायियों को हटाया गया है। इसके चलते अब व्यवसायी बेरोजगार हो गए हैं। पिछले 5 दिनों से फुटपाथ व्यावसाइयों की दुकानें बंद हंै।
कल फुटपाथ लघु व्यवसायी संघ के दर्जनों लोगों के साथ पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, पार्षद देवीचंद राठी, पूर्व पार्षद पंकज साहू, नईम खान, विक्की गुरुदत्ता, गुड्डा सिन्हा विधायक से मुलाकात करने उनके निवास के लिए नकुल ढीढी उद्यान से रवाना हुए।
जिन्हें विधायक निवास से पहले ही एएसपी आकाश राव, एसडीओपी मंजूलता बाघ, कोतवाली प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मियों ने रोक लिया। उनसे चर्चा करनी चाही पर व्यावसायी विधायक से मिलने जिद पर अड़ गए। बाद विधायक व्यवसायियों से मिलने पहुंचे।
व्यवसायियों की ओर से चर्चा कर रहे डा. चोपड़ा व पंकज साहू ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष व सीएमओ के आदेश पर पालिका कर्मचारियों ने 15 से 25 मई के बीच फुटपाथ के लघु व्यवसायियों को बेदखल कर दिया है।
जबकि बेदखल करने से पहले उन्हें पुनर्वासित नहीं किया गया है। इससे सैकड़ों व््यवसायियों के सामने रोजी-रोटी की समस्या बनी हुई है। विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने कहा है कि व्यवसायियों ने मांग पत्र सौंपा है।
नगरपालिका अध्यक्ष-सीएमओ से चार्च कर समस्या का हल निकाला जावेगा। जनता को हो रही परेशानियों की वजह से अतिक्रमण हटाया हटाया जा रहा। पुनर्वास की व्यवस्था हो चुकी है-नपाध्यक्ष