महासमुन्द

रामायण मंडली प्रतियोगिता में मधुरिमा मानस परिवार प्रथम
27-May-2023 5:54 PM
 रामायण मंडली प्रतियोगिता में मधुरिमा मानस परिवार प्रथम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27मई। छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग द्वारा रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन एवं विधायक महासमुन्द विनोद सेवनलाल चन्द्राकर द्वारा विजेता मंडली को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

मालूम हो कि चिन्हारी पोर्टल में पंजीकृत रामायण मंडलियों सें पहले चरण में विकासखण्ड स्तर पर 23 मई को विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित किया गया।

विकासखण्ड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मंडली के लिये पुरस्कार राशि 10 हजार रुपए रखा गया है तथा प्रत्येक विकासखण्ड के विजेता रामायण मंडलियों के बीच जिला स्तर पर दिनांक 25 मई को कौशिल्या उपवन, राम वन गमन पर्यटन परिपथ ग्राम पीढ़ी में जिला स्तरीय रामायण मानस मंडली प्रतियोगिता आयोजित किया गया।

विकासखण्ड स्तरीय रामायण मानस मंडली प्रतियोगिता के विजेता रामायण मंडली मधुरिमा मानस परिवार बरोंडा चौक महासमुंद, राग रंग मानस पथिक परिवार खल्लारी, विकासखण्ड बागबाहरा, शिवचरण धु्रव मानस परिवार ग्राम अरण्ड विकासखण्ड पिथौरा एवं राम संदेश मानस परिवार लोहडीपुर विकासखण्ड बसना को जिला स्तरीय रामायण प्रतियोगिता में शामिल किया गया।

इनमें जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में मधुरिमा मानस परिवार बरोंडा चौक महासमुंद प्रथम स्थान, राग रंग मानस पथिक परिवार खल्लारी, विकासखण्ड बागबाहरा द्वितीय स्थान और शिवचरण धु्रव मानस परिवार ग्राम अरण्ड विकासखण्ड पिथौरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किए।

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रामायण मंडली के लिये 50 हजार रुपए का पुरस्कार रखा गया। रामायण मंडली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त रामायण मंडली 27 से 29 मई को पंडित दिनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम रायपुर में राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चन्द्राकर ने संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भांचा को भांचा राम कहा जाता है।

इस संबंध में उन्होंने विस्तार से बताया कि माता कौशिल्या का जन्म स्थल ग्राम चन्दखुरी मंदिर हसौद है। छत्तीसगढ़ की  बेटी होने के कारण उनके पुत्र भगवान राम को भांचा राम कहा जाता है। इस कारण छत्तीसगढ़ में सभी भांचाओं को भांचा राम का दर्जा दिया जाता है।

इस अवसर पर अतिथि के रूप में अमर अरूण चन्द्राकर, सभापति जिला पंचायत, संजय शर्मा, हीरा बंजारे अध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति, ढेलू निषाद, मानिक साहू अध्यक्ष बिरकोनी सोसायटी, मति दुलारी बाई साहू सरपंच ग्राम पीढ़ी, हरिश चन्द्र साहू उपसरपंच, प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में दाऊलाल चन्द्राकर, कृष्ण कुमार पाण्डेय मानस विशेषज्ञ, निजाम दीवान लोक कलाकार, व्हीण्केण् अजगर संगीत विशेषज्ञ उपस्थित थे।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, डिप्टी कलेक्टर मिषा कोसले,सहायक नोडल अधिकारी रेखराज शर्मा, व्याख्याता सुरेन्द्र मानिकपुरी, सचिव ग्राम पंचायत पीढ़ी वर्षा बघेल, वेदप्रकाश साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राजू चंद्राकर ने किया।


अन्य पोस्ट