महासमुन्द

नशा के लिए तेल के पीपे में पानी भरकर बेचते 2 गिरफ्तार
27-May-2023 3:02 PM
नशा के लिए तेल के पीपे में पानी भरकर बेचते 2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई।
सरायपाली में लोगों से ठगी कर नशा के लिए पैसे की जुगत में लगे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उक्त युवक बाजारपारा के आसपास बुजुर्ग लोगों को देखकर उनसे ठगी करते थे और उससे मिले पैसे से अपने नशे की लत पूरी करते थे।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बीते कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि बाजारपारा के पास कुछ लोग तेल के पीपे में पानी भरकर उसे पुन: सीलपैक कर देते थे और बुजुर्ग दिखने वाले लोगों को तेल के नाम पर सस्ते दामों में बेच देते थे। इसी तरह अन्य कुछ सामानों के रूप में ठगी करने की शिकायतें मिल रही थी। शिकायत मिलने के पश्चात पुलिस की टीम ने बाजार पारा जाकर वहां की स्थिति पर नजर रखना शुरू किया। 

इसी बीच एक दिन विनोद डोंगरे (22 वर्ष) एवं परदेशी दास (28 वर्ष) दोनों निवासी वार्ड नं11 बाजारपारा को तेल के टीपे के साथ एक व्यक्ति से ठगी करते हुए पकड़ा। पूछताछ में उनसे पता चला कि वे अपने नशे की लत के कारण पैसे की व्यवस्था करने इस तरह का कार्य करते थे। वे ठगी करने के लिए बुजुर्गों को चुनते थे। 

तेल के पीपे में पानी भरकर उसे पुन: पैक कर देते थे और स्वयं को दुकान में काम करने वाला बताते हुए उक्त पीपे को चोरी का है कहकर कम दामों पर बेच देते थे। खरीदने वाला भी सस्ते में तेल मिलने की बात पर उसे खरीद लेता था। बाद में ठगी का पता चलने के बाद भी चोरी का सामान होने के कारण शिकायत भी नहीं कर पाता था। आखिरकार बाजारपारा के ही आसपास के लोगों से पुलिस को इसकी शिकायत मिली और उन्होंने आरोपियों को धर दबोचा। 
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 151 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। 
 


अन्य पोस्ट