महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26मई। छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने कल कलेक्टर सभाकक्ष में कृषि से जुड़े सभी संबंधित विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को लाभान्वित करना और उनकी स्थिति को मजबूत बनाना मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्राथमिकता में शामिल है। जिले में किसानों की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए धान के साथ-साथ अन्य व्यवसायिक फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन दलहन और तिलहन की फसलों को बढ़ावा भी दिया जा रहा है। किसानों को इसका लाभ सुनिश्चित कर दलहन और तिलहन की खेती के लिए उन्हें प्रेरित करें।
कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने अध्यक्ष का स्वागत किया। सीईओ जिला पंचायत एस आलोक ने जिले की गौठानों में गोबर, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन क्रय.विक्रय सहित रिपा की आर्थिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में उपाध्यक्ष महेन्द्र चंद्राकर, सदस्य श्रवण पटेल, डॉ रश्मि चंद्राकर सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, केवीके,क्रेडा, जलसंसाधन, विद्युत और जिले के पशुपालक और किसान भी उपस्थित थे।
अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने मिलेट फसल को बढ़ावा देने तथा सिंचित क्षेत्रों में गेहूं की खेती को प्रोत्साहित करने कहा। उन्होंने कहा कि हम सबकी यह कोशिश होनी चाहिए कि किसान ऐसी फसलें उत्पादित करें जिसकी बाजार में मांग हो। इससे किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि मिलेट एक ओर मानव के लिए पौष्टिक आहार हैं तो दूसरी ओर पशुओं के चारे के काम भी आता हैं। इसलिए यह मानव और पशुओं दोनों का भोजन हैं। श्री शर्मा ने जिले की गौठानों में और आय मूलक गतिविधियों को और बढ़ावा देने के साथ-साथ वहां लघु औद्योगिक इकाईयों की स्थापना के कार्य को प्राथमिकता से कराए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गौठानों में स्थानीय कृषि एवं अन्य उत्पाद के मूल्य वर्धित उत्पाद वैल्यू एडिशन की यूनिट को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में गोधन न्याय योजना, मिलेट मिशन, जैविक खेती, ग्रीष्मकालीन धान के बदले अन्य फसलों की खेती, एकीकृत जल ग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम, सामुदायिक बाड़ी, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग की हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में गोधन न्याय योजना, मिलेट मिशन, जैविक खेती, ग्रीष्मकालीन धान के बदले अन्य फसलों की खेती, एकीकृत जल ग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम, सामुदायिक बाड़ी, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग की हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने आगामी खऱीफ फसल के लिए किसानों को बीज एवं उर्वरक वितरण खाद की पर्याप्त उपलब्धता, भण्डारण की जानकारी विभागीय अधिकारी से ली तथा बाजार में मिलने वाले रासायनिक खाद की दर उचित है या नहीं, इसके बारे में किसानों से पूछा। उन्होंने गौठानों में तैयार हो रहे वर्मी कम्पोस्ट का ज्यादा से ज्यादा उपयोग कर जैविक खेती करने हेतु कृषकों को प्रोत्साहित करने अधिकारियों को कहा। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादकता में वृद्धि के लिए विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है। किसानों को अच्छे किस्म का उन्नत बीज और समय पर उर्वरक उपलब्ध कराए जाने के साथ ही स्वॉयल हेल्थ टेस्टिंग और किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए।