महासमुन्द

आर्थिक नुकसान झेल रही सहकारी समितियां एक बार फिर जीरो शार्टेज के कारण फायदे में
24-May-2023 6:49 PM
आर्थिक नुकसान झेल रही सहकारी समितियां एक बार फिर जीरो शार्टेज के कारण फायदे में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 मई। खरीदे गये धान में शार्टेज के चलते कभी आर्थिक नुकसान झेलती रही सहकारी समितियां एक बार फिर जीरो शार्टेज के कारण फायदे में हैं। जिले की सभी 13 समितियों के हिस्से लगभग 25.75 करोड़ रुपए का कमीशन आया है। जो धान के अंतिम मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद समितियों के बैंक खातों में जमा हो जाएगा।

वर्ष 2022-23 खरीफ सीजन में सर्वाधिक धान खरीदी करने वाली तुमगांव समिति के हिस्से सर्वाधिक करीब 41 लाख रुपए कमीशन आने वाला है। मार्केटिंग फेडरेशन के लिए गांवों में सहकारी समितियां कमीशन पर धान की खरीदी करती हैं।

कुछ साल पहले तक धान के उठाव के महिनों विलंब के चलते खरीदे गये धान में सूखत आदि के कारण नुकसान का आर्थिक बोझ समितियों पर पड़ता था। लेकिन 2014-2015 में तत्कालीन कलेक्टर उमेश अग्रवाल की कुशल रणनीति के चलते लगातार 2 साल जिले में जीरो शॉर्टेज की स्थिति बनी रही।

प्रशासन की सख्ती के कारण उठाव बड़ी तेजी से होता रहा और पूरे सीजन में धान खरीदी भी सुचारू रूप से चली। वर्ष 2019-20 और 2020-21 को छोड़ दिया जाये तो तब से अब तक धान खरीदी जीरो शार्टेज की स्थिति रही है। फलस्वरूप समितियां आर्थिक लाभ में रहने लगी।

जानकारी अनुसार बीते सीजन में धान खरीदी भी लक्ष्य से ज्यादा रही। पूरे सीजन में 82 लाख40 हजार 284 क्विंटल धान खरीदकर 1 लाख 48 हजार 502 पंजीकृत किसानों को करीब 16.81 अरब रुपए का भुगतान किया गया। जबकि 4360 किसान धान नहीं बेच पाये थे। जिले के 2 लाख 29 हजार 026 हेक्टेयर रकबे में किसानों ने धान की फसल ली थी।

गौरतलब है कि समितियों को धान खरीदी पर मार्कफेड कमीशन देता है। मोटा धान पर 31.25  तथा पतले धान पर 32 रुपए प्रति क्विंटल कमीशन देय होता है। इस बार 130 समितियों ने लगभग 16.81 अरब रुपए की खरीदी पर मार्कफेड सभी 130 समितियों को करीब 25.75 करोड़ रुपए कमीशन देगा, लेकिन इसके पूर्व मार्कफेड अपनी टीम से सभी समितियों द्वारा खरीदे गये धान का मिलान कराता है। यह प्रक्रिया चल रही है। कुछ समितियों का मिलान शेष है। आज कल में मिलान की प्रक्रिया खत्म होने के बाद मार्कफेड सभी समितियों के खाते में उनके कमीशन की राशि डाल देगा। जो वर्ष 2022-2023 से 1.57 करोड़ रुपए कम है।


अन्य पोस्ट