महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा एवं पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत गोल्डी के सामने ट्रक वाहन चालकों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग रखी कि भविष्य में इस प्रकार की अवैध वसूली न हो, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने मांग की है कि जिस सिपाही ने ट्रक का कांच फोड़कर ड्राइवर को शारीरिक क्षति पहुंचाई है, उसे निलंबित किया जाए।
पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. विमल चोपड़ा ने विज्ञप्ति भेजकर कहा है कि विभिन्न मार्गों पर पुलिस विभाग द्वारा की जा रही वसूली को लेकर कल छछान पहाड़ी मेें मंदिर के सामने लाइन के सैकडों ट्रक ड्राइवरों ने अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए चक्का जाम रखा। खबर सुनकर मैं भी वहां गया तो पता चला कि शासन एवं प्रशासन की मिली भगत से प्रत्येक ट्रक चालकों ने मनमाने टैैक्स की वसूली की जाती है। नहीं देने पर पुलिस के जवान ट्रकों के शीशे आदि तोड़ देते हैं। इससे वाहन चालकों भयंकर आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कभी-कभी तो शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है।
डॉ. चोपड़ा का इस मामले में कहना है कि छत्तीसगढ़ में हर 20-25 किलोमीटर दूरी पर सरकार का अवैध वसूली का अभियान चल रहा है। जिसके कारण कलकत्ता मुबंई के वाहनों को प्रति दिन 4 से 5 हजार रुपए तक देना पड़ता है। इसकी कोई रसीद न मिलने से मालिक इसका भुगतान करने से इंकार कर देता है। लिहाजा ट्रक चालकों को भारी आर्थिक नुकसान होता है।