महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई। पुलिस ने दो जगहों से 3 तस्करों से 2 कार में 220 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 55 रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी गांजा परिवहन करते गिरफ्तार हो चुके हैं।
सायबर सेल एवं थाना कोमाखान व बसना की इस संयुक्त कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज दो बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सीमावर्ती राज्य ओडिशा से लगातार अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन महासमुंद के रास्ते किये जाने की सूचना पर चौकी प्रभारियों को ताकीद की गई थी।
लिहाजा नशीले पदार्थ, अवैध शराब तथा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले लोगों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान जारी था। कल 23 मई को टेमरी नाका कोमाखान व ओडिशा बॉडर में वाहन चेकिंग की जा रही थी। दौरान तभी खरियार रोड ओडिशा़ की तरफ से एक सफेद रंग की कार महासमुंद की ओर आ रही थी। उक्त वाहन वाहन को टेमरीनाका कोमाखान के पास घेराबंदी कर रोका गया। जिसमें 2 व्यक्ति बैठे मिले। पूछने पर उन्होंने अपना नाम राजेश रात्रे (34 वर्ष) खपरीडीह खरोरा रायपुर तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम कमलेश सोनवानी (29 वर्ष) पण्डरी रायपुर का होना बताया।
संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई। कार के पीछे डिक्की में चार प्लास्टिक बोरी मिला। जिसे खोलकर देखने पर अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। जिसे तौल करने पर कुल 4 प्लास्टिक बोरी में 120 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा था। वाहन पर अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 120 किलो ग्राम गांजा एवं मारूति रिट्ज कार बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडि़शा से गांजा खरीद कर महासमुंद के रास्ते से रायपुर छत्तीसगढ़ ले जा रहे थे। आरोपियों के विरूद्ध अपराध, धारा 20(ख) एनडीपीएस के तहत थाना कोमाखान में कार्रवाई की जा रही है।
इसी प्रकार थाना बसना में कल 23 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा का परिवहन करने वाला है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने थाना बसना पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। पुलिस टीम के ग्राम परसकोल चैक पदमपुर रोड में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी पदमपुर ओडिशा की तरफ से एक मारूति स्विफ्ट डिजायर आ रही थी। जिसमें एक व्यक्ति सवार था। पूछताछ करने पर वाहन चालक ने अपना नाम हरि सिंह अगरिया (26 वर्ष) ग्राम गांगपुर थाना गौरेला जिला गौरेला पेण्ड्रा हाल ग्राम गोधन थाना जैतहरी जिला अनुपपुर मध्यप्रदेश का निवासी होना बताया।

संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई। मारूति स्विफ्ट डिजायर के पीछे डिक्की में 05 प्लास्टिक बोरी में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। जिसे तौल करने पर कुल 5 प्लास्टिक बोरी में 100 किलो 500 ग्राम गांजा मिला। वाहन पर अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर 100 किलो 500 ग्राम कीमती 25,12,500 रूपये गांजा एवं मारूति स्विफ्ट डिजायर कार कीमती 2 लाख कुल जुमला कीमती 27,12,500 रूपये जब्त किया गया। आरोपी से गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर उडि़सा से लाना और मध्यप्रदेश ले जाना बताया। आरोपीं के विरूद्ध अपराध/धारा 20(ख) एनडीपीएस के तहत थाना बसना में कार्रवाई की जा रही है।