महासमुन्द
दो घायलों में एक गंभीर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मई। महासमुंद जिले से गुजरने वाली नेशनल हाईवे 53 में केएनजी ढाबा छिंदौली के पास सोमवार देर रात पैदल घर जा रहे तीन युवकों को ट्रक ने रौंदा है। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हुई है। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और एक अन्य युवक को घायल अवस्था में तुमगांव अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य है।
पटेवा पुलिस के अनुसार रात लगभग 10 बजे तीनों युवक पैदल ही चांदोली की ओर आ रहे थे, तभी पीछे से अज्ञात ट्रक तीनों युवकों को रौंदते हुए आगे निकल गया। इस दौरान एक युवक ट्रक के टायर में दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बचे दो में से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे रायपुर रेफर किया गया है, वहीं एक युवक को तुमगांव सामुदायिक केंद्र में एडमिट किया गया है।
मृतक का नाम रामदास बताया जा रहा है। पटेवा पुलिस के अनुसार तीनों युवक छिंदौली निवासी है। दूसरे युवक का नाम एवन सोनवानी और तीसरे का मनोज मार्कंडेय है। मनोज मार्कंडेय गंभीर रूप से घायल हैं।
परिजनों की सूचना पर पहुंची रात में ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आज पोस्टमार्टम के बाद लाश परिजनों को सौंप दी गई, वहीं रायपुर में गंभीर रूप से घायल युवक और सामान्य हालत में तुमगांव में भर्ती युवक का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना ट्रक के टायर फटने से हुई है।